फडणवीस बृहस्पतिवार को नागपुर में ओबीसी प्रदर्शनकारियों से मिलेंगे

Fadnavis
ANI

एक बयान में, भाजपा की नागपुर इकाई के प्रमुख दयाशंकर तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री फडणवीस ओबीसी के अधिकारों को बरकरार रखते हुए मराठा आरक्षण के मुद्दे पर आम सहमति पर पहुंच गए हैं।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस बृहस्पतिवार को नागपुर में उन प्रदर्शनकारियों से मुलाकात करेंगे जो मराठों को अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) श्रेणी के तहत आरक्षण दिए जाने की आशंका को लेकर क्रमिक भूख हड़ताल में भाग ले रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता ने यह जानकारी दी।

राष्ट्रीय ओबीसी महासंघ ने 30 अगस्त को यहां संविधान चौक पर क्रमिक भूख हड़ताल शुरू की थी। इससे एक दिन पहले कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने मराठा आरक्षण की मांग को लेकर मुंबई के आजाद मैदान में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की थी।

मंगलवार दोपहर को जरांगे ने अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर दी, लेकिन ओबीसी संगठन मराठा समुदाय को ओबीसी श्रेणी में शामिल करने के विरोध में अपना प्रदर्शन जारी रखे हुए है।

प्रदर्शन के बारे में महासंघ के एक पदाधिकारी ने कहा, हम चाहते हैं कि सरकार हमारी 14 मांगें पूरी करे, जिनमें मराठों को ओबीसी श्रेणी में शामिल न करना और सभी मराठा समुदाय के सदस्यों को कुनबी प्रमाणपत्र जारी न करना शामिल है। सरकार का कोई प्रतिनिधि आगे आकर हमसे बातचीत करे।

बुधवार को एक बयान में, भाजपा की नागपुर इकाई के प्रमुख दयाशंकर तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री फडणवीस ओबीसी के अधिकारों को बरकरार रखते हुए मराठा आरक्षण के मुद्दे पर आम सहमति पर पहुंच गए हैं।

उन्होंने कहा, इस फैसले से समाज में सद्भाव और शांति का माहौल बना है। इसी पृष्ठभूमि में, मुख्यमंत्री फडणवीस चार सितंबर को दिन में 10 बजे संविधान स्क्वायर पर ओबीसी आरक्षण प्रदर्शनकारियों से मिलेंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़