KC Venugopal के खिलाफ आपत्तिजनक फेसबुक पोस्ट पर Kerala Police ने दर्ज की FIR

KC Venugopal के खिलाफ आपत्तिजनक फेसबुक पोस्ट पर Kerala Police ने दर्ज की FIR
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

केरल के अलप्पुझा में कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल के खिलाफ सोशल मीडिया पर अपमानजनक सामग्री पोस्ट करने के आरोप में पांच लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। साइबर पुलिस ने अधिवक्ता जॉनसन अब्राहम की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता और केरल पुलिस अधिनियम के तहत यह कार्रवाई की।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव के. सी. वेणुगोपाल को निशाना बनाकर फेसबुक पर कथित तौर पर मानहानिकारक और आपत्तिजनक सामग्री साझा करने के मामले में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, अलप्पुझा साइबर पुलिस ने रविवार रात की गई अधिवक्ता जॉनसन अब्राहम की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने 11 मई से 19 जुलाई के बीच अलग-अलग तारीखों पर वेणुगोपाल को निशाना बनाते हुए कथित तौर पर अपमानजनक और आपत्तिजनक पोस्ट किए। आरोप है कि इन पोस्ट का उद्देश्य लोगों में उनके प्रति घृणा पैदा करना और सार्वजनिक शांति भंग करने के लिए उकसाना था। पुलिस ने बताया कि पांचों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और केरल पुलिस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

उन पर वैमनस्य पैदा करने या उसे बढ़ावा देने के इरादे से झूठी जानकारी फैलाने, दंगा होने की आशंका या जानकारी के बावजूद जानबूझकर या दुर्भावनापूर्ण तरीके से गैरकानूनी रूप से उकसाने और उपद्रव करने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने बताया कि ये पोस्ट उस समय किए गए थे, जब विधानसभा चुनाव में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की जीत के बाद मुख्यमंत्री पद के लिए संभावित उम्मीदवार को लेकर चर्चा हो रही थी। पुलिस के अनुसार, मुख्यमंत्री पद के लिए जिन नामों पर चर्चा हो रही थी, उनमें वेणुगोपाल का नाम भी शामिल था और आरोपियों ने सोशल मीडिया पर उनकी उम्मीदवारी का विरोध करते हुए कथित तौर पर पोस्ट किए थे।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों और उनके द्वारा किए गए पोस्ट से जुड़ी जानकारी एकत्र कर ली गई है और जल्द ही उनसे पूछताछ की जाएगी।

All the updates here:

अन्य न्यूज़