भड़काऊ बयान और धमकी देने के आरोप में BJP MLA Balmukund Acharya पर FIR दर्ज

जयपुर की अदालत के निर्देश पर हवा महल विधायक बालमुकुंद आचार्य के खिलाफ गलता गेट थाने में आपराधिक धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वकील मोहम्मद याकूब खान की शिकायत पर हुई इस कार्रवाई के बाद मामले की जांच अपराध शाखा को सौंप दी गई है।
भारतीय जनता पार्टी के विधायक बालमुकुंद आचार्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस रिकार्ड के अनुसार इस प्राथमिकी (एफआईआर) में विधायक पर आरोप है कि पिछले साल जयपुर के एक इलाके के दौरे में उन्होंने भड़काऊ बयान दिए, एक न्यायिक अधिकारी को धमकी दी और समुदायों के बीच वैमनस्य को बढ़ावा दिया। यह मामला 23 नवंबर को गलता गेट पुलिस थाने में दर्ज किया गया।
इससे पहले वकील मोहम्मद याकूब खान ने अदालत में शिकायत दर्ज कराई थी। आचार्य राजस्थान विधानसभा में जयपुर के हवा महल निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। प्राथमिकी के अनुसार, यह शिकायत 10 दिसंबर 2025 की एक घटना से जुड़ी है।
आरोप है कि उस दिन विधायक अपने समर्थकों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बास बदनपुरा इलाके की मीणा कॉलोनी गए थे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आचार्य ने जयपुर के बाहर तैनात न्यायिक अधिकारी मोहम्मद आरिफ (जो उनके ताऊ के बेटे हैं) के घर के पास आपत्तिजनक टिप्पणी की और उन्हें धमकियां दीं। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक ने हिंदुओं के उस इलाके से चले जाने के बारे में बात की और हिंदुओं तथा मुसलमानों के बीच वैमनस्य पैदा करने की कोशिश की।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि आचार्य नहीं चाहते थे कि मुसलमान उस इलाके में घर खरीदें या मरम्मत का काम कराएं। शिकायत के मुताबिक, वे चाहते थे कि आरिफ अपनी संपत्ति बेच दें और कहीं और चले जाएं। शिकायतकर्ता ने यह भी दावा किया कि विधायक की ये हरकतें आरिफ के घर पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गईं।
खान का आरोप है कि उन्होंने दिसंबर 2025 में पुलिस से संपर्क किया था लेकिन कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने कार्रवाई की मांग करते हुए अदालत का दरवाजा खटखटाया। यह मामला आपराधिक साजिश, दुश्मनी को बढ़ावा देने, राष्ट्रीय एकता के खिलाफ बयान देने, धार्मिक भावनाओं को जानबूझकर आहत करने और आपराधिक धमकी देने से जुड़ी धाराओं के तहत दर्ज किया गया है।
गलता गेट पुलिस थाने के प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने शुक्रवार को बताया, ‘‘यह मामला अदालत के निर्देश पर दर्ज किया गया है। चूंकि इसमें मौजूदा विधायक का नाम है इसलिए जांच के लिए इसे अपराध शाखा को सौंप दिया गया है।’’
अन्य न्यूज़














