Bengaluru में प्रदर्शन के दौरान उमर खालिद और शरजील इमाम समर्थक तख्तियां दिखाने वाली महिला पर FIR दर्ज

Fir Registered
AI Image

बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान जेल में बंद कार्यकर्ताओं उमर खालिद और शरजील इमाम के समर्थन में नारे लिखी तख्तियां दिखाने के आरोप में एक अज्ञात महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, महिला ने उमर खालिद जिंदाबाद और शरजील इमाम जिंदाबाद जैसे नारे लिखी तख्तियां प्रदर्शित की थीं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में आयोजित छात्रों के प्रदर्शन के दौरान जेल में बंद कार्यकर्ताओं उमर खालिद और शरजील इमाम के समर्थन में कथित रूप से नारे लिखी तख्तियां दिखाने के आरोप में एक अज्ञात महिला के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। अधिकारियों ने बताया कि उमर खालिद और शरजील इमाम 2020 के दिल्ली दंगा मामले में आरोपों का सामना कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार, बंदोबस्त ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस उपनिरीक्षक की शिकायत के आधार पर यह मामला दर्ज किया गया है।

शिकायत में कहा गया है कि घटना शुक्रवार शाम करीब पांच से साढ़े पांच बजे के बीच हुई, जब बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी नारेबाजी कर रहे थे। शिकायतकर्ता अधिकारी ने आरोप लगाया कि उन्होंने एक युवती को ऐसी तख्तियां पकड़े देखा, जिन पर “उमर खालिद जिंदाबाद”, “शरजील इमाम जिंदाबाद” और “उखाड़ ले बीएलआर पुलिस” जैसे नारे लिखे थे। शिकायत के मुताबिक, अधिकारी ने भीड़ के बीच पहुंचकर तख्तियां जब्त करने की कोशिश की, लेकिन अन्य प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर उससे पहले ही उन्हें छिपा दिया।

इसे भी पढ़ें: शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 28 पैसे मजबूत होकर 96.25 पर पहुंचा

बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के कारण तत्काल आसपास के इलाके की तलाशी लेने के बावजूद तख्तियां नहीं मिलीं। पुलिस शिकायत में कहा गया है, “इसके बाद फ्रीडम पार्क के सीसीटीवी फुटेज और कैमरा ड्यूटी पर तैनात कर्मियों के कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच की गई। समीक्षा के दौरान पाया गया कि एक अज्ञात युवती ने जानबूझकर भड़काऊ तख्तियां प्रदर्शित कीं, जिसका उद्देश्य अशांति फैलाना और लोक शांति भंग करना था।” इसमें कहा गया है, “इसके तहत, एक शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के दौरान जान-बूझकर भड़काऊ तख्तियां दिखाने के लिए एक अज्ञात युवती के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए शिकायत दर्ज कराई गई है।” पुलिस ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़