हिमाचल के चंबा में खाई में वाहन गिरने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत

Prabhasakshi Image

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में सोमवार देर रात एक वाहन के गहरी खाई में गिर जाने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह परिवार अपने बीमार बच्चे के इलाज के लिए पठानकोट जा रहा था। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

शिमला, 28 जुलाई हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में सोमवार देर रात भरमौर-पठानकोट राज्य राजमार्ग पर लाहड़ के पास एक वाहन के गहरी खाई में गिर जाने से एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई। सूत्रों के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब परिवार अपने एक साल के बीमार बच्चे के इलाज के लिए पठानकोट जा रहा था। उन्होंने बताया कि मृतकों में बच्चे के अलावा उसके माता-पिता और दादा-दादी शामिल हैं।

हालांकि, इस बात की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है और मृतकों की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है। पुलिस के मुताबिक हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। शुरुआती सूचना से संकेत मिलता है कि चालक के वाहन से नियंत्रण खो देने के कारण कार खाई में जा गिरी।

चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि शवों को खाई से निकाला जा रहा है तथा मृतकों की पहचान करने और अन्य आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गए।

दुर्गम इलाके और रात का समय होने के कारण बचावकर्मियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इस राहत और बचाव कार्य में स्थानीय ग्रामीणों ने भी पुलिस और बचाव दलों की मदद की।

All the updates here:

अन्य न्यूज़