Samajwadi Party के वरिष्ठ नेता Ram Govind Chaudhary पंचतत्व में विलीन, राजकीय सम्मान संग हुआ अंतिम संस्कार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

समाजवादी पार्टी के आठ बार के विधायक और पूर्व मंत्री राम गोविंद चौधरी का रविवार को बलिया के गोसाईपुर गांव में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। 74 वर्षीय चौधरी का शुक्रवार रात लखनऊ के एसजीपीजीआई में इलाज के दौरान निधन हो गया था। उनके बेटे रंजीत चौधरी ने सरयू तट के समीप उन्हें मुखाग्नि दी।

समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता और आठ बार के विधायक रहे पूर्व मंत्री राम गोविन्द चौधरी का रविवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि पैतृक गांव सिकंदरपुर क्षेत्र के गोसाईपुर में सरयू नदी के तट से थोड़ी दूर स्थित एक स्थान पर चौधरी का अंतिम संस्कार किया गया। इस मौके पर भारी संख्या में उनके समर्थक और सपा सांसद, विधायक और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सपा के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री राम गोविंद चौधरी का शुक्रवार रात लखनऊ स्थित संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में उपचार के दौरान निधन हो गया। वह करीब 74 वर्ष के थे। चौधरी का पार्थिव शरीर शनिवार की शाम लखनऊ से जिला मुख्यालय स्थित उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया।

इसके बाद पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव गोसाईपुर ले जाया गया। रविवार की सुबह से ही उनके अंतिम दर्शन के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। उनके समर्थकों ने रुंधे गले और अश्रुपूरित नेत्रों से अपने प्रिय नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की।

उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम विदाई दी गई। उनकी अंतिम यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए। सपा महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर और विधायक प्रभु नारायण सिंह श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए फफक पड़े।

गोसाईपुर में सरयू नदी के तट से थोड़ी दूर स्थित एक स्थान पर चौधरी का अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि चौधरी के इकलौते पुत्र रंजीत चौधरी ने दी। इस मौके पर सपा सांसद रमाशंकर विद्यार्थी, राम भुवाल निषाद, पूर्व मंत्री और विधायक ओम प्रकाश सिंह व जियाउद्दीन रिजवी सहित विभिन्न दलों के नेता मौजूद रहे।

All the updates here:

अन्य न्यूज़