Bisleri के पानी में मिला बैक्टीरिया, FSSAI ने कंपनी पर एक और मुकदमा चलाने की दी मंजूरी

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण ने पश्चिम बंगाल स्थित बिसलेरी के एक संयंत्र से लिए गए पैकेज्ड पेयजल के नमूने जांच में फेल होने के बाद कानूनी कार्रवाई को मंजूरी दी है। प्राथमिक और रेफरल प्रयोगशालाओं की जांच में पानी के भीतर कोलीफॉर्म बैक्टीरिया और पीएएच पाया गया, जिसके चलते इसे असुरक्षित घोषित किया गया। वहीं कंपनी ने अपने उत्पाद को पीने के लिए पूरी तरह सुरक्षित बताया है।

भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने पश्चिम बंगाल स्थित बिसलेरी इंटरनेशनल के एक संयंत्र से लिए गए पैकेज्ड पेयजल के नमूने के प्रयोगशाला जांच में विफल रहने के बाद कंपनी के खिलाफ एक अन्य मुकदमे की मंजूरी दे दी। सूत्रों ने यह जानकारी दी। इससे पहले रविवार को एफएसएसएआई ने गोवा स्थित कंपनी के एक अन्य संयंत्र से लिए गए नमूने के जांच में विफल रहने के बाद बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ इसी तरह की कानूनी कार्रवाई की घोषणा की थी।

सूत्रों के अनुसार, ताजा मामले में बिसलेरी के पैकेज्ड पेयजल का आधिकारिक नमूना ‘असुरक्षित’ पाया गया और इसमें ‘कोलीफॉर्म बैक्टीरिया’ की मौजूदगी की पुष्टि हुई। यह नमूना पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के तेलीपाड़ा गांव स्थित संयंत्र से लिया गया था। सूत्रों ने बताया कि प्राथमिक और रेफरल, दोनों प्रयोगशालाओं की जांच में पानी में ‘कोलीफॉर्म बैक्टीरिया’ की मौजूदगी की पुष्टि हुई।

सूत्रों ने बताया कि एफएसएसआई ने 12 अगस्त, 2026 को केवल एक बैच की बिक्री पर रोक लगाई थी। एफएसएसएआई ने खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को देखते हुए बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दी है। एफएसएसएआई ने बताया, “नमूना निर्धारित ब्रोमेट सीमा के मानकों पर खरा नहीं उतरा और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत उसे असुरक्षित घोषित किया गया।” एफएसएसएआई के अनुसार, कंपनी की अपील के बाद नमूने को रेफरल खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया, जहां जांच में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (पीएएच) की मौजूदगी के कारण उसे असुरक्षित घोषित किया गया।

वहीं, बिसलेरी ने सोमवार को दावा किया कि उसका उत्पाद पीने के लिए सुरक्षित है। कंपनी ने कहा कि वह इस मामले के समाधान के लिए एफएसएसएआई के साथ पूरा सहयोग करेगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़