Gandhinagar में निर्माण स्थल पर गिरा धातु का स्लैब, 12 मजदूर Civil Hospital में भर्ती

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

गुजरात के गांधीनगर स्थित कुडासन इलाके में बुधवार रात निर्माण कार्य के दौरान एक बड़ा धातु का स्लैब गिर गया। मलबे से सुरक्षित निकाले गए 15 श्रमिकों में से 12 को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां सभी की हालत स्थिर बताई गई है। घटनास्थल का दौरा करने पहुंचे उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने पुष्टि की कि बचाव अभियान में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी जुटी रहीं।

गांधीनगर में निर्माणाधीन स्थल पर धातु का एक बड़ा स्लैब गिरने की घटना के बाद मलबे से 15 श्रमिकों को निकाला गया, जिनमें से 12 को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यह हादसा बुधवार रात करीब नौ बजे कुडासन इलाके में हुआ, जब निर्माण कार्य के दौरान स्लैब अचानक गिर गई।

गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने हादसे के बाद घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने बताया कि बचाए गए 12 श्रमिकों को गांधीनगर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि तीन अन्य को गंभीर चोट नहीं आने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। उन्होंने घटनास्थल पर कहा, ‘‘गांधीनगर सिविल अस्पताल के अधीक्षक से मिली रिपोर्ट के अनुसार, अस्पताल में भर्ती सभी 12 लोगों की हालत स्थिर है और उनमें से किसी की भी हालत गंभीर नहीं है।’’ उपमुख्यमंत्री ने बताया कि बचाव अभियान में नगर निगम, जिला पुलिस, प्रशासन, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम शामिल थीं।

उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर कंक्रीट और धातु काटने वाली मशीनों के साथ-साथ 300 टन से अधिक भार उठाने की क्षमता वाली विशेष क्रेन समेत आवश्यक उपकरण तैनात किए गए। सांघवी ने कहा, ‘‘स्थल प्रबंधक और कर्मचारियों की निगरानी करने वाले पर्यवेक्षकों ने बताया है कि मलबे के नीचे अब कोई व्यक्ति नहीं फंसा है। फिर भी एहतियात के तौर पर और किसी भी तरह का जोखिम न लेने के लिए राज्य के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारी टीम घटनास्थल के हर हिस्से का पूरी तरह निरीक्षण करेंगी।’’ अधिकारियों ने बताया कि बचाव दल यह सुनिश्चित करने के लिए गिरी हुई धातु की संरचना और मलबा हटा रहे हैं कि उसके नीचे कोई श्रमिक फंसा तो नहीं है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़