GHMC के पूर्व डिप्टी मेयर बाबा फसीउद्दीन के कत्ल की साजिश विफल, छह गिरफ्तार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम के पूर्व उपमहापौर बाबा फसीउद्दीन पर जानलेवा हमले की योजना बना रहे छह लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने हत्या के लिए 20 से 25 लाख रुपये की सुपारी तय की थी और पांच लाख रुपये अग्रिम दिए थे। पुलिस ने संदिग्धों के पास से रेकी में प्रयुक्त दो चाकू और पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) के पूर्व उप महापौर बाबा फसीउद्दीन की हत्या की आपराधिक साजिश को नाकाम करते हुए पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। फसीउद्दीन ने शनिवार को शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि बोराबंदा निवासी इमरान ने अपने भाई के साथ मिलकर करीब एक महीने पहले एक व्यक्ति से संपर्क किया था।

दोनों ने उनकी हत्या करने के लिए उसे 20 से 25 लाख रुपये देने की पेशकश की थी। इस संबंध में शनिवार देर रात जारी पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार, हत्या की साजिश रचने और इसके लिए जरूरी इंतजाम करने के वास्ते पांच लाख रुपये की अग्रिम राशि भी दी गई थी। विज्ञप्ति में कहा गया है कि कुछ लोग घातक हथियारों के साथ फसीउद्दीन के घर के आसपास रेकी कर रहे थे और उनकी गतिविधियों पर नजर रख रहे थे।

इससे उनकी जान को गंभीर खतरा पैदा हो गया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने इमरान, उसके भाई फयाज और अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आयुक्त महेश भागवत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए विशेष टीमों का गठन किया है, जिन्हें आरोपों की जांच करना और साजिश के मुख्य साजिशकर्ताओं, उन्हें वित्तीय मदद देने वालों तथा अन्य सहयोगियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

विज्ञप्ति के मुताबिक, शिकायतकर्ता और गवाहों के बयान दर्ज किए गए तथा तत्काल तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए। खतरे की आशंका को देखते हुए फसीउद्दीन की सुरक्षा के लिए भी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। इसमें कहा गया है कि गवाहों के बयानों और विश्वसनीय सूचनाओं के आधार पर आपराधिक मामला दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान साजिश, इसके मुख्य साजिशकर्ताओं और धन मुहैया कराने वालों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। बोराबंदा पुलिस ने आरोपियों के पास से रेकी के दौरान इस्तेमाल किए गए दो चाकू और आपसी संपर्क के लिए इस्तेमाल किए गए पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस ने कहा कि ग्रेटर हैदराबाद में इस तरह की आपराधिक साजिश और संगठित हत्या की घटनाएं बढ़ रही हैं।

पुलिस ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि असामाजिक तत्वों, हिस्ट्रीशीटर और आपराधिक साजिश, सुपारी देकर हत्या कराने, जबरन वसूली तथा हथियारों से जुड़े अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और उन्हें तत्काल गिरफ्तार किया जाएगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़