Mann Ki Baat: नशा-मुक्त भारत के लिए जन भागीदारी का आह्वान अहम, बोले Pramod Sawant

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्र-निर्माण और नशा-मुक्त भारत अभियान के आह्वान को राज्य की नीतियों के अनुरूप बताया है। उन्होंने मन की बात कार्यक्रम के 138वें एपिसोड के बाद कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखना विकसित भारत के निर्माण का अहम हिस्सा है। सावंत ने थाईलैंड के गणेश हिमाल संग्रहालय और विश्व पर्यटन दिवस पर प्रधानमंत्री के विचारों की भी तारीफ की।
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने रविवार को कहा कि राष्ट्र-निर्माण और नशा-मुक्त भारत के लिए जन भागीदारी का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आह्वान राज्य की संस्कृति, विरासत और पर्यटन को बढ़ावा देने की सरकार की कोशिशों के अनुरूप है। मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 138वीं कड़ी सुनने के बाद सावंत ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘जन भागीदारी’ को राष्ट्र-निर्माण में एक शक्तिशाली ताकत के तौर पर रेखांकित किया। मुख्यमंत्री ने लिखा, “प्रधानमंत्री ने जन भागीदारी को राष्ट्र-निर्माण में एक शक्तिशाली ताकत बताया और नागरिकों से युवाओं को बुरी आदतों से दूर रहने के लिए प्रेरित करके तथा नशे की लत से उबरने की कोशिश कर रहे लोगों का साथ देकर नशा-मुक्त भारत अभियान में योगदान देने का आह्वान किया।” सावंत ने कहा कि मोदी ने थाईलैंड के चियांग माई स्थित गणेश हिमाल संग्रहालय की कहानी भी साझा की।
उन्होंने कहा कि यह संग्रहालय भारत की आस्था, कला और अष्टविनायक परंपरा को प्रदर्शित करता है और इस बात पर प्रकाश डालता है कि कैसे भारतीय सांस्कृतिक परंपराएं दुनियाभर के श्रद्धालुओं के बीच पहुंच रही हैं। सावंत ने कहा कि विश्व पर्यटन दिवस पर भारत की समृद्ध विरासत, संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा देने के बारे में प्रधानमंत्री का संदेश गोवा के लिए खास तौर पर प्रासंगिक है। उन्होंने कहा, “विश्व पर्यटन दिवस पर भारत की समृद्ध विरासत, संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा देने का संदेश गोवा की अपनी अनूठी परंपराओं को दुनिया के सामने लाने की यात्रा से पूरी तरह मेल खाता है।” सावंत ने कहा कि जन भागीदारी, सांस्कृतिक गौरव और नशा-मुक्त युवा पीढ़ी का निर्माण करना ‘विकसित भारत’ बनाने की सामूहिक कोशिश का हिस्सा है।
अन्य न्यूज़














