Gorakhpur में Online Betting गिरोह के 5 सदस्य गिरफ्तार, LLB छात्र भी शामिल

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बृहस्पतिवार को शाहपुर इलाके से एक अंतरराज्यीय फर्जी गेमिंग पोर्टल संचालित करने वाले पांच लोगों को दबोचा। पकड़े गए आरोपियों में कानून की पढ़ाई कर रहा एक छात्र भी शामिल है, जो पिछले छह महीनों से किराए का मकान लेकर यह नेटवर्क चला रहे थे। पुलिस ने इनके पास से 23 मोबाइल, 3 लैपटॉप, बायोमेट्रिक डिवाइस समेत कई एटीएम कार्ड और पासबुक बरामद किए हैं।
गोरखपुर में पुलिस ने बृहस्पतिवार को एक अवैध गेमिंग पोर्टल के माध्यम से संचालित अंतरराज्यीय साइबर धोखाधड़ी और ऑनलाइन सट्टेबाजी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एलएलबी छात्र समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने शाहपुर इलाके में एक किराए के आवास पर छापेमारी कर गिरोह का भंडाफोड़ किया। पुलिस के अनुसार, गिरोह एक गेमिंग पोर्टल की शाखा चला रहा था और विभिन्न व्यक्तियों के नाम पर खोले गए ‘म्यूल’ बैंक खातों के माध्यम से लेनदेन करते हुए लोगों को ऑनलाइन सट्टेबाजी में शामिल कर रहा था।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) निमिष पाटिल ने कहा कि सेमरा इलाके में पानी की टंकी के पास एक घर में शाहपुर पुलिस और साइबर सेल द्वारा संयुक्त रूप से की गई छापेमारी के दौरान गिरफ्तारियां की गईं। आरोपी पिछले छह महीने से वहां किराए पर रह रहे थे और संदेह है कि वे कई राज्यों में सक्रिय एक व्यापक नेटवर्क से जुड़े हैं। पुलिस ने गिरफ्तार लोगों की पहचान एलएलबी अंतिम वर्ष के छात्र नीतीश सिंह और देवरिया जिले के अभय कुमार सिंह, मुजफ्फरनगर के वाजिद चौधरी और साहिल चौधरी और बिहार के सीवान जिले के मुन्ना कुमार के रूप में की है।
पुलिस के मुताबिक, बाकी चारों आरोपी भी स्नातक के छात्र हैं। पुलिस ने परिसर से 23 मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप, एक मिनी लैपटॉप, तीन टैबलेट, 11 एटीएम कार्ड, 16 बैंक पासबुक, एक बायोमेट्रिक डिवाइस, एक राउटर, पावर बैंक और अन्य दस्तावेज जब्त किए।
अन्य न्यूज़













