उत्तर प्रदेश: गोरखपुर में मंदिर के बाहर महिला से दुष्कर्म का आरोपी सीसीटीवी फुटेज की मदद से गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश: गोरखपुर में मंदिर के बाहर महिला से दुष्कर्म का आरोपी सीसीटीवी फुटेज की मदद से गिरफ्तार
प्रतिरूप फोटो

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक मंदिर के बाहर सो रही मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला से दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मंदिर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से आरोपी की पहचान की। आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।

गोरखपुर, 28 जुलाई उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक मंदिर के बाहर सो रही 35 वर्षीय मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला से कथित तौर पर दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई को देर रात हुई इस वारदात के आरोपी को पुलिस ने मंदिर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से पहचान लिया। पुलिस ने बताया कि पीड़ित महिला अक्सर इलाके में घूमती रहती है और मंदिर के पास ही सोती है।

पुलिस के मुताबिक, घटना वाली रात करीब 11:40 बजे जब वह मंदिर के बाहर एक चबूतरे पर आराम कर रही थी, तभी 55 वर्षीय आरोपी दीपक गुप्ता उसके पास पहुंचा और उससे कथित रूप से दुष्कर्म किया। स्थानीय लोगों ने अगले दिन महिला की स्थिति देखी और सीसीटीवी फुटेज की जांच की। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया और मामले में मंदिर के पुजारी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई।

पिपराइच के थाना प्रभारी विवेक त्रिवेदी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी दीपक गुप्ता की पहचान की गई और मंगलवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित महिला का मेडिकल परीक्षण कराया गया और उसके बयान दर्ज कर लिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए मामले की प्राथमिकता के आधार पर जांच की जा रही है।

अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तर) ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की सहायता से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़