कोहिनूर पर सरकार ‘तकनीकी रूख’ न अपनाए: लोस में मांग

[email protected] । Apr 28 2016 2:55PM

लोकसभा में आज विभिन्न दलों के सदस्यों ने मांग की कि भारत सरकार षड़यंत्र से लिए गए इस हीरे को देश में वापस लाए जाने के सभी प्रयास करे।

अंग्रेजों द्वारा भारत से ले जाए गए बेशकीमती कोहिनूर हीरे के बारे में सरकार की ओर से हाल में उच्चतम न्यायालय में रखे गए ‘‘तकनीकी रूख’’ से असहमति जताते हुए लोकसभा में आज विभिन्न दलों के सदस्यों ने मांग की कि भारत सरकार षड़यंत्र से लिए गए इस हीरे को देश में वापस लाए जाने के सभी प्रयास करे। बीजद के भृतुहरि मेहताब ने शून्यकाल में यह मुद्दा उठाते हुए कुछ प्राचीन दस्तावेजों के हवाले से कहा कि महाराजा रंजीत सिंह ने कोहिनूर हीरे को पुरी के जगन्नाथ मंदिर को भेंट देने की इच्छा व्यक्त की थी। उन्होंने कहा कि एंग्लो सिख युद्ध के बाद अंग्रेजों ने महाराजा रंजीत सिंह के 11 वर्षीय बेटे पर दबाव डालकर यह बेशकीमती हीरा ले लिया और इसे उपहार का नाम दिया।

अधिकतर दलों के सदस्यों ने महताब की बात का समर्थन किया लेकिन भाजपा की मीनाक्षी लेखी ने आपत्ति जताते हुए कहा कि सरकार ने उच्चतम न्यायालय में अभी ऐसा कोई रूख नहीं रखा है और उन्होंने मीडिया पर आरोप लगाया कि उसने तथ्यों को तोड़मरोड़ कर पेश किया। खबरों के अनुसार सोलिसिटर जनरल रंजीत कुमार ने पिछले दिनों उच्चतम न्यायालय में इस मामले में सरकार का पक्ष रखते हुए कहा था कि कोहिनूर हीरे को ब्रिटिश शासकों ने ‘‘न तो जबरन लिया था और न ही इसे चुराया था’’ बल्कि पंजाब के शासकों ने इसे ईस्ट इंडिया कंपनी को उपहार में दिया था। बीजद सदस्य ने हालांकि इस रूख को गलत बताते हुए कहा कि सरकार ने शीर्ष अदालत में केवल एक तकनीकी रूख रखा है। इसकी बजाय उसे अदालत में ही नहीं बल्कि ब्रिटेन के समक्ष भी यह रूख अपनाना चाहिए कि यह हीरा भारत को वापस सौंपा जाए। उन्होंने कहा कि महाराजा रंजीत सिंह ने अमृतसर के स्वर्णमंदिर और वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर में स्वर्ण पतर चढ़वाए थे और कोहिनूर हीरा भी वह जगन्नाथ पुरी मंदिर को देना चाहते थे।

सत्तारूढ़ राजग में शामिल शिरोमणि अकाली दल के प्रेम सिंह चंदूमाजरा ने कहा कि उच्चतम न्यायालय में सरकार ने कोहिनूर हीरे को लेकन जो रूख अपनाया है वह निंदनीय है। उन्होंने कहा कि 11 साल का बच्चा कोहिनूर को ईस्ट इंडिया कंपनी को तोहफे में कैसे दे सकता है? उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने रंजीत सिंह के बेटे के साथ विश्वासघात कर यह हीरा हासिल किया था। सदन में विभिन्न दलों के सदस्यों ने खड़े होकर महताब और चंदूमाजरा की मांग से अपने आप को संबद्ध किया।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़