Gurugram में दो करोड़ रुपये मूल्य की 20.9 टन लौंग चोरी, तीन आरोपी अरेस्ट

मुंबई से दिल्ली जा रहे लौंग से लदे ट्रक को गुरुग्राम में चुराने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से 20.9 टन चोरी की लौंग और दो ट्रक बरामद किए गए हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी इस खेप को असम ले जाकर बेचने की फिराक में थे।
हरियाणा के गुरुग्राम में करीब दो करोड़ रुपये मूल्य की लौंग की चोरी के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से चोरी की गई 20.9 टन लौंग तथा वारदात में इस्तेमाल किए गए दो ट्रक बरामद किए हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में पता चला कि मुंबई से दिल्ली के खारी बावली जा रहे लौंग से लदे एक ट्रक को गुरुग्राम में चोरी कर लिया गया था।
आरोपियों ने एक सुनसान जगह पर लौंग को दूसरे ट्रकों में स्थानांतरित कर दिया और चोरी की खेप को असम ले जाकर बेचने की योजना बनाई थी। पुलिस ने बताया कि 14 अक्टूबर को एबीसी एक्सप्रेस कंपनी के एक अधिकारी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि महाराष्ट्र के न्हावा शेवा से दिल्ली ले जाए जा रहे लौंग के 500 बोरों की खेप अपने निर्धारित गंतव्य पर नहीं पहुंची। इस खेप का मूल्य करीब दो करोड़ रुपये था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि 11 अक्टूबर को ट्रक चालक को माल पहुंचाने का पता दिया गया था। जब खेप निर्धारित स्थान पर नहीं पहुंची, तो कंपनी ने चालक से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसके दोनों मोबाइल फोन बंद मिले। इसके बाद ट्रक की तलाश की गई।
ट्रक बावल के पास रॉयल पेपर होटल के नजदीक खाली और लावारिस हालत में मिला। पुलिस ने बताया कि ट्रक की जीपीएस लोकेशन की जांच से पता चला कि वह 12 अक्टूबर की रात गुरुग्राम के सेक्टर-93 इलाके में था। मौके का निरीक्षण करने पर पुलिस को बिखरी हुई लौंग और बोरों पर लगे पहचान संबंधी लेबल मिले।
इससे संकेत मिला कि माल को वहां उतारकर दूसरे ट्रकों में स्थानांतरित किया गया था। इस शिकायत के आधार पर सेक्टर-10 थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान शुक्रवार को राठवास स्थित पास्को फिटिंग सेंटर के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
उनकी पहचान असम निवासी अजीज और हरियाणा निवासी मनन तथा जुनैद के रूप में हुई है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने चोरी को अंजाम देने के लिए सेक्टर-88/89 इलाके में एक सुनसान जगह पर लौंग से लदे ट्रक को खाली किया और माल को दो अन्य ट्रकों में स्थानांतरित कर दिया।” अधिकारी के अनुसार, वारदात में इस्तेमाल किया गया ट्रक मनन का है, जबकि जुनैद उसे चलाता था। आरोपियों ने चोरी की लौंग को असम ले जाकर बेचने की योजना बनाई थी।
अजीज पर चोरी का माल बेचने में मदद करने का आरोप है।
अन्य न्यूज़













