Gurugram के Sector 38 स्थित PG में पुलिस की छापेमारी, 21 लोग हिरासत में

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

हरियाणा के गुरुग्राम में पुलिस और राज्य महिला आयोग की संयुक्त टीम ने सेक्टर-38 के एक पीजी पर छापा मारकर कथित देह व्यापार गिरोह में शामिल 21 लोगों को पकड़ा है। अधिकारियों के मुताबिक पकड़े गए लोगों में 13 पुरुष और आठ महिलाएं शामिल हैं, जिनमें विदेशी नागरिक भी हैं। मामले के मुख्य आरोपी साहिल और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

हरियाणा के गुरुग्राम में एक पीजी पर छापेमारी के दौरान कथित देह व्यापार गिरोह का खुलासा हुआ और 13 पुरुषों तथा आठ महिलाओं को हिरासत में लिया गया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। गुरुग्राम पुलिस और राज्य महिला आयोग की संयुक्त टीम ने सेक्टर-38 स्थित पीजी पर छापा मारा।

यह कार्रवाई शहर के सफायर 90 मॉल में कथित अवैध गतिविधियों को लेकर कई स्पा सेंटरों पर छापेमारी के एक दिन बाद हुई। पुलिस ने बताया कि झारसा गांव निवासी साहिल और उसकी पत्नी को मामले में गिरफ्तार किया गया है। शनिवार को बचाई गई एक लड़की से मिली जानकारी के आधार पर पीजी के बारे में पता चला था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि साहिल कथित तौर पर व्हाट्सऐप और कुछ वेबसाइट के जरिए यह गिरोह संचालित कर रहा था और उसके साथ करीब 10-12 लोगों के जुड़े होने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, नाबालिग पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसे झारसा स्थित परिसर में जबरन रखा गया था। इसके बाद मिली जानकारी के आधार पर अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम (आईटीपीए) के नोडल अधिकारी एसीपी अभिलाक्ष जोशी की निगरानी में और हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष उषा प्रियदर्शिनी की मौजूदगी में सेक्टर-38 के पीजी पर संयुक्त छापेमारी की गई।

इस दौरान विदेशी नागरिकों समेत 13 पुरुषों और आठ महिलाओं को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने बताया कि आईटीपीए और विदेशी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत सदर थाने में नई प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। एसीपी जोशी ने कहा, ‘‘मौके से बरामद इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों जैसे मोबाइल फोन, सीसीटीवी फुटेज और दस्तावेजों की जांच की जा रही है ताकि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और प्रमुख ग्राहकों की पहचान की जा सके।

किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

All the updates here:

अन्य न्यूज़