Instagram पर मुलाकात और फिर देश विरोधी साजिश, STF की गिरफ्त में Hamim Mondal और उसकी गर्लफ्रेंड Arpita Sarkar

पश्चिम बंगाल एसटीएफ ने जैश के संदिग्ध आतंकी हमिम मंडल और उसकी सहयोगी अर्पिता को गिरफ्तार किया है। हमिम ने सुवेंदु अधिकारी को निशाना बनाने और दिल्ली के जंतर-मंतर पर गड़बड़ी फैलाने की साजिश रची थी। ये दोनों पाकिस्तानी शहजाद भट्टी गैंग के संपर्क में थे और इन्होंने एक मंत्री के बेटे के अपहरण की योजना भी बनाई थी।
स्पेशल टास्क फॉर्स ने एक बड़ा खुलासा किया है। पश्चिम बंगाल में पकड़े गए जैश-ए-मोहम्मद के संदिग्ध आतंकी हमिम मंडल ने मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी को निशाना बनाने की योजना बनाई थी। हमिम को दो दिन पहले पूर्वी बर्धमान जिले से पकड़ा गया था। पुलिस अधिकारी गौरव शर्मा ने बताया कि हमिम को मुख्यमंत्री की गतिविधियों पर नज़र रखने और ऐसी जगहों की जानकारी जुटाने को कहा गया था, जहाँ मुख्यमंत्री बिना सुरक्षा के हो सकते हैं।
जंतर-मंतर प्रदर्शन में घुसपैठ की योजना
एसटीएफ के मुताबिक, पाकिस्तान में बैठे आका चाहते थे कि हमिम पुलिस की वर्दी पहनकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे सीजेपी के छात्र प्रदर्शन में घुसे। उसका मकसद वहां भारी गड़बड़ी और अशांति फैलाना था।
मंत्री के बेटे के अपहरण का प्लान
मामले में हमिम की प्रेमिका अर्पिता सरकार को भी झारखंड से गिरफ्तार किया गया है। ये दोनों राज्य के मंत्री उमेश राय के बेटे को अपने जाल में फंसाकर अगवा करने और उनके परिवार से पैसे वसूलने की योजना बना रहे थे। अर्पिता नेताओं समेत कई बड़े लोगों को अपने जाल में फंसाकर जानकारी हासिल करती थी और हमिम तक पहुंचाती थी। उसके व्हाट्सएप चैट से पाकिस्तान से जुड़े होने के सबूत मिले हैं। इसे भी पढ़ें: पानी मांगने के बहाने भरोसा जीता और फिर... Kulgam में एक आतंकवादी ने कैसे दो मजदूरों की जान ले ली
विदेशी सिम कार्ड और पाकिस्तानी गैंग से संबंध
पुलिस को इनके पास से ब्रिटेन और मैक्सिको के अंतरराष्ट्रीय सिम कार्ड मिले हैं। आशंका है कि इनका इस्तेमाल गुप्त बातचीत के लिए किया जाता था। जांच में सामने आया है कि ये दोनों 'शहजाद भट्टी गैंग' से जुड़े पाकिस्तानी आकाओं के कहने पर काम कर रहे थे। यह गैंग लोगों को भड़काने, आतंकी नेटवर्क में भर्ती करने और नशे के व्यापार से आतंकवाद फैलाने जैसे कामों में शामिल है। इसे भी पढ़ें: PM Modi ने शुरू किया Nasha Mukt Yuva for Viksit Bharat Sankalp Abhiyaan, 1 करोड़ युवाओं ने ली शपथ
इंस्टाग्राम पर हुई थी दोनों की मुलाकात
हमिम और अर्पिता की मुलाकात चार साल पहले इंस्टाग्राम पर हुई थी। अर्पिता के सोशल मीडिया अकाउंट की जांच करते हुए ही STF हमिम तक पहुंचने में कामयाब रही। फिलहाल अदालत ने हमिम को 14 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े बाकी लोगों का पता लगाने में जुटी है।
अन्य न्यूज़














