Haridwar Ardh Kumbh: निर्माण कार्यों में देरी पर गढ़वाल कमिश्नर ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

Haridwar Ardh Kumbh: निर्माण कार्यों में देरी पर गढ़वाल कमिश्नर ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

गढ़वाल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने हरिद्वार में अगले साल आयोजित होने वाले अर्द्ध कुंभ मेले की तैयारियों की जमीनी समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए तय समय में उच्च गुणवत्ता का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों की दैनिक प्रगति रिपोर्ट फोटो सहित ऑनलाइन डैशबोर्ड पर अपडेट करने को कहा।

देहरादून (उत्तराखंड), नौ नवंबर गढ़वाल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने हरिद्वार में अगले साल होने वाले अर्द्ध कुंभ मेले की तैयारियों का सोमवार को जायजा लिया और निर्माण एवं रखरखाव कार्यों में देरी या लापरवाही बरतने पर अधिकारियों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। विभिन्न परियोजनाओं का हरिद्वार में मौके पर जाकर निरीक्षण करने के दौरान स्वरूप ने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया और कहा कि तीर्थयात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। यहां एक बैठक में सभी कार्यों में उच्च गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश देते हुए आयुक्त ने अधिकारियों को तस्वीरों के साथ दैनिक प्रगति रिपोर्ट जमा करने तथा ऑनलाइन डैशबोर्ड पर चल रही परियोजनाओं की स्थिति को नियमित रूप से ‘अपडेट’ करने को कहा।

स्वरूप ने कहा,‘‘ उत्तराखंड सरकार की प्रतिबद्धता के अनुरूप, सभी विभाग आपसी तालमेल से काम करें ताकि यह आयोजन भव्य और शानदार तरीके से संपन्न हो सके। सभी क्षेत्रों में अस्थायी बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्यों में तेजी लाई जाए और तीर्थयात्रियों की सुविधा, सुगम आवाजाही और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जरूरी इंतजाम समय रहते पूरे कर लिए जाएं।’’ उन्होंने गंगा नहर के बंद रहने के दौरान घाटों के जलमग्न हिस्सों पर निर्माण और मरम्मत कार्य पूरा होने पर संतोष जताया तथा अधिकारियों को बचे हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ ही साथ ही घाटों की सजावट और सौंदर्यीकरण का काम भी जल्द पूरा करने को कहा। स्वरूप ने बैरागी कैंप, दक्षद्वीप, सतीद्वीप और गौरीशंकर क्षेत्रों में कुंभ शिविरों के लिए तैयार किए जा रहे अस्थायी बुनियादी ढांचे का भी निरीक्षण किया।

उन्होंने सभी विभागों और काम करने वाली एजेंसियों को आपसी तालमेल के साथ काम करने पर जोर देते हुए चेतावनी दी कि किसी भी तरह की अनावश्यक देरी या लापरवाही होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़