Haryana में ब्लॉक सम्मेलनों से जमीनी स्तर पर मजबूत होगी Congress, संजय दत्त ने बताई रणनीति

कांग्रेस के हरियाणा प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में आयोजित ब्लॉक समिति सम्मेलनों से पार्टी संगठन को बूथ स्तर पर मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि इन कार्यक्रमों के जरिए पार्टी कार्यकर्ता स्थानीय मुद्दों, बेरोजगारी, महंगाई और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता को जागरूक करेंगे। आगामी सम्मेलनों में भूपेंद्र हुड्डा, कुमारी सैलजा और रणदीप सुरजेवाला समेत वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
कांग्रेस के हरियाणा प्रभारी संजय दत्त ने मंगलवार को कहा कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में आयोजित होने वाले पार्टी के ब्लॉक समिति सम्मेलनों से जमीनी स्तर पर कांग्रेस और मजबूत होगी। दत्त और हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से राज्य में आयोजित ब्लॉक समिति सम्मेलनों में भाग ले रहे हैं। दत्त ने कहा कि इन सम्मेलनों के माध्यम से पार्टी बूथ और जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित करने और संगठन के मंच से स्थानीय मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने की रणनीति पर काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि ये सम्मेलन राहुल गांधी द्वारा चलाए जा रहे ‘‘छात्रों की गूंज’’ अभियान का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के साथ-साथ राम मंदिर चढ़ावे की कथित चोरी, महिला आरक्षण को तत्काल लागू करने, मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), बेरोजगारी, महंगाई और कृषि जैसे मुद्दों पर भी चर्चा कर रहे हैं। दत्त ने कहा कि आगामी सम्मेलनों में कांग्रेस की जनहितैषी नीतियों और कार्यक्रमों को हर घर तक पहुंचाने के लिए प्रभावी रणनीति तैयार की जाएगी। कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की जनविरोधी नीतियों और भ्रष्टाचार को उजागर करने तथा उसके खिलाफ जनजागरूकता अभियान की रूपरेखा तैयार करने पर भी चर्चा की जाएगी।’’ दत्त के अनुसार, 18 सितंबर को असंध (करनाल) और गुरुग्राम, 19 सितंबर को रेवाड़ी और मेहम (रोहतक), 20 सितंबर को आदमपुर (हिसार) और नरवाना (जींद) तथा 21 सितंबर को टोहाना और रतिया (फतेहाबाद) में ब्लॉक समिति सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री और हरियाणा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा मेहम में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे, जबकि कांग्रेस महासचिव और सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा असंध, टोहाना और रतिया में होने वाले सम्मेलनों को संबोधित करेंगी। उन्होंने कहा कि इसी तरह कांग्रेस महासचिव और राज्यसभा सदस्य रणदीप सिंह सुरजेवाला नरवाना में कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम में वरिष्ठ नेता राज बब्बर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे, जबकि रोहतक के सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा रेवाड़ी और आदमपुर में होने वाले सम्मेलनों में भाग लेंगे।
दत्त ने कहा कि रेवाड़ी सम्मेलन को पूर्व मंत्री अजय सिंह यादव और कांग्रेस सचिव चिरंजीव राव भी संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि इन सम्मेलनों के माध्यम से कांग्रेस अपना संदेश हर गांव, वार्ड और बूथ तक पहुंचा रही है। राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि ये सम्मेलन जमीनी स्तर तक पार्टी संगठन को मजबूत कर रहे हैं।
सिंह ने कहा, ‘‘इन कार्यक्रमों से पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता के बीच सकारात्मक संदेश जा रहा है और आने वाले समय में संगठन को और मजबूत करने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी।’’ सिंह ने बताया कि सभी जिला कांग्रेस कमेटियों की समीक्षा बैठक बृहस्पतिवार को गुरुग्राम में होगी, जिसमें दत्त भी मौजूद रहेंगे।
अन्य न्यूज़













