Gurugram Rain से जलमग्न हुए प्रमुख रास्ते, स्कूलों में छुट्टी और वर्क फ्रॉम होम लागू

Gurugram Rain से जलमग्न हुए प्रमुख रास्ते, स्कूलों में छुट्टी और वर्क फ्रॉम होम लागू
प्रतिरूप फोटो

गुरुग्राम में शुक्रवार को हुई भारी बारिश के कारण शहर के कई प्रमुख इलाकों और एक्सप्रेस-वे पर गंभीर जलभराव हो गया। जलभराव के चलते कंपनियों ने कर्मचारियों को घर से काम करने के निर्देश दिए और स्कूलों ने ऑनलाइन माध्यम से कक्षाएं शुरू कीं। सोहना में सर्वाधिक 82 मिमी और बादशाहपुर में 74 मिमी बारिश दर्ज की गई।

गुरुग्राम, सात अगस्त गुरुग्राम के कई इलाकों में शुक्रवार को भारी बारिश के बाद जलभराव हो गया। इसके चलते ज्यादातर लोगों को घरों में रहने के लिए मजबूर होना पड़ा, कई कंपनियों ने कर्मचारियों को घर से काम करने को कहा, जबकि स्कूलों ने छुट्टी घोषित कर ऑनलाइन माध्यम से कक्षाएं शुरू कर दीं। दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस-वे सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में शामिल रहा।

डीएलएफ सेक्टर-42 में ग्लोबल फोयर मॉल के सामने गोल्फ कोर्स रोड पूरी तरह पानी में डूब गई। कई जगहों पर जलभराव के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। साइबर हब के पास गेटवे टावर मेट्रो स्टेशन के सामने एक्सप्रेस-वे का एक बड़ा हिस्सा पानी में डूब गया।

इस मानसून में शीतला माता रोड गुरुग्राम के सबसे अधिक जलभराव वाले इलाकों में शामिल है, और एक बार फिर पानी में डूब गई। राजेंद्र पार्क, दौलताबाद औद्योगिक क्षेत्र और आसपास की कॉलोनियों में भी खराब बुनियादी ढांचे की स्थिति उजागर हुई। वहीं, दिल्ली-जयपुर राजमार्ग पर एक वीआईपी दौरे के कारण स्थिति कुछ अलग नजर आई।

नरसिंहपुर क्षेत्र, जो जलभराव और भारी यातायात जाम के लिए जाना जाता है, वहां स्थिति सामान्य रही। राजमार्ग पर वाहन सामान्य गति से चलते नजर आए और कहीं भी यातायात जाम की स्थिति नहीं बनी। प्रशासन ने मानेसर में मुख्यमंत्री के ‘वन महोत्सव’ कार्यक्रम के लिए सड़क को सीमित यातायात के लिए तैयार किया था।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, गुरुग्राम तहसील में सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक 60 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई। वहीं, सोहना में 82 मिमी, बादशाहपुर में 74 मिमी, वजीराबाद में 68.5 मिमी और कादीपुर तथा हरसरू में 60-60 मिमी बारिश हुई। राजीव चौक, इफको चौक, सोहना रोड और दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस-वे समेत कई प्रमुख चौराहों और सर्विस लेन पर जलभराव हो गया।

All the updates here:

अन्य न्यूज़