Himachal Pradesh: शिमला के रामपुर में महसूस हुए Earthquake के झटके, तीव्रता 4.1 दर्ज

Himachal Pradesh: शिमला के रामपुर में महसूस हुए Earthquake के झटके, तीव्रता 4.1 दर्ज
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार शनिवार तड़के 4 बजकर 36 मिनट पर रामपुर क्षेत्र में जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई में भूकंप का केंद्र था। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने पुष्टि की है कि इस घटना में किसी प्रकार के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में शनिवार तड़के 4.1 तीव्रता का भूकंप आया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने यह जानकारी दी भूकंप के झटके राज्य की राजधानी शिमला से लगभग 130 किलोमीटर दूर रामपुर क्षेत्र में महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, तड़के करीब चार बजकर 36 मिनट पर कुछ सेकंड तक भूकंप के झटके महसूस किए गए।

उसने बताया कि भूकंप का केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई में था। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) ने बताया कि भूकंप से जान-माल का किसी प्रकार का नुकसान होने की कोई सूचना नहीं है। पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में बार-बार भूकंप आने से स्थानीय लोग चिंतित हैं।

हाल में 26 अगस्त की सुबह भी शिमला में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए थे। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में एक अगस्त तक पिछले तीन वर्ष के दौरान 67 बार भूकंप के झटके महसूस किए गए जिनसे निजी संपत्ति को 7.05 लाख रुपये का नुकसान हुआ। राज्य भूकंप के लिहाज से अत्यधिक संवेदनशील जोन चार और पांच में आता है।

कुछ महीने पहले भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा प्रस्तावित नए भूकंपीय मानचित्र में पूरे राज्य को अत्यधिक जोखिम वाले जोन छह में रखा गया था। हालांकि, बाद में केंद्र सरकार ने इस नए वर्गीकरण को वापस ले लिया और भूकंप संबंधी पुराने मानकों को फिर से लागू कर दिया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़