Hyderabad Aston Martin हादसे में आरोपी MP के बेटे की Alcohol जांच नेगेटिव

हैदराबाद के माधपुर में 16 अगस्त को हुए सड़क हादसे के मामले में पुलिस ने राज्यसभा सांसद लिंगमनेनी रमेश के 21 वर्षीय बेटे लिंगमनेनी संजूश की मेडिकल जांच कराई थी। डीसीपी रितिराज के अनुसार प्रारंभिक जांच में शराब और मादक पदार्थों की दोनों रिपोर्ट निगेटिव आई हैं। हादसे में प्रयुक्त लग्जरी वाहन का तकनीकी निरीक्षण कराकर उसे अदालत में जमा करा दिया गया है।
आंध्र प्रदेश से राज्यसभा सदस्य लिंगमनेनी रमेश के बेटे की शराब और मादक पदार्थों की प्रारंभिक जांच में रिपोर्ट निगेटिव आई है। सांसद के बेटे पर कथित तौर पर उसके द्वारा चलाई जा रही एस्टन मार्टिन कार की टक्कर से एक महिला की मौत का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि राज्यसभा सदस्य के बेटे लिंगमनेनी संजूश (21) द्वारा चलाई जा रही एस्टन मार्टिन कार को जब्त कर लिया गया और शुक्रवार को दुर्घटना के सिलसिले में मोटर वाहन निरीक्षक ने इसकी जांच की। पुलिस ने कहा कि मोटर वाहन निरीक्षक की रिपोर्ट का इंतजार है और इसे जांच का हिस्सा बनाया जाएगा। इसके बाद वाहन को शहर की अदालत में जमा करा दिया गया।
ओडिशा की रहने वाली 26 साल की भारती मुखी यहां एक मॉल में सेल्स एग्जीक्यूटिव के तौर पर काम करती थीं जिनकी 16 अगस्त को मॉल के सामने सड़क पार करते समय एक लग्ज़री कार के टक्कर मारने से मौत हो गई। आरोप है कि कार संजूश चला रहा था और वह तेज रफ्तार में, लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। डीसीपी (कुकटपल्ली जोन) रितिराज ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि 16 अगस्त को माधपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) के तहत मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।
उन्होंने कहा, मामला दर्ज होने के तुरंत बाद वाहन चालक को पकड़ लिया गया और शराब एवं मादक पदार्थों की प्रारंभिक जांच कराई गई। दोनों जांचों के परिणाम निगेटिव आए हैं।
अन्य न्यूज़














