Election Commission मार्च पर पुलिस बैरिकेडिंग से Lutyens Delhi में थमा ट्रैफिक

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

विपक्षी गठबंधन के निर्वाचन सदन मार्च और वीआईपी आवाजाही के लिए लगाए गए प्रतिबंधों से मध्य दिल्ली की प्रमुख सड़कों पर भारी जाम लग गया। अशोक रोड, कनॉट प्लेस और इंडिया गेट के आसपास गाड़ियां रेंगती रहीं, जिससे परेशान होकर कई यात्रियों को वाहन छोड़कर मेट्रो या पैदल चलना पड़ा। पुलिस ने मार्च रोक दिया, जिसके बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई नेता संसद मार्ग पर धरने पर बैठे।

नयी दिल्ली, छह अक्टूबर विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ के सांसदों के निर्वाचन आयोग के मुख्यालय तक मार्च के कारण मंगलवार को लुटियंस दिल्ली में जाम की स्थिति रही और कई प्रमुख सड़कों पर गाड़ियां रेंगती नज़र आईं। पुलिस ने मार्च को देखते हुए कई सड़कों को बंद कर दिया था और कई अन्य पर मार्ग परिवर्तन लागू किया गया था जिससे लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। इंडिया गेट और कनॉट प्लेस से लेकर संसद मार्ग और जंतर-मंतर तक, कई हिस्सों पर वाहनों की कतारें लग गईं और बैरिकेड व बीच-बीच में वाहनों की आवाजाही रोके जाने के कारण वाहन रेंग-रेंग कर आगे बढ़ रहे थे।

भारी बैरिकेडिंग के चलते वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्ते तलाशने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस जाम के कारण लोग घंटों तक जाम में फंसे रहे। कुछ लोगों ने अपने वाहनों को छोड़ दिया और मेट्रो का सहारा लिया या मध्य दिल्ली में अपने गंतव्यों तक पहुंचने के लिए पैदल चल दिए।

कनॉट प्लेस, पटेल चौक, रफी मार्ग, संसद मार्ग, मोतीलाल नेहरू मार्ग, तीन मूर्ति मार्ग, पृथ्वीराज रोड, विंडसर प्लेस, अशोक रोड और जंतर-मंतर रोड पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। अशोक रोड पर फंसे एक यात्री ने कहा, यातायात लगभग शून्य गति से चल रहा था और गाड़ियां बमुश्किल आगे बढ़ रही थीं। हम लगभग एक घंटे तक फंसे रहे, जिसके बाद हममें से कुछ लोगों ने उतर कर मेट्रो लेने का फैसला किया।

नयी दिल्ली के पूरे इलाके में यातायात प्रभावित हुआ, जहां कृष्णा मेनन मार्ग, राजपथ और सर्कुलर रोड पर आवाजाही पर असर पड़ा, जबकि इंडिया गेट के आसपास कई गोल चक्करों पर भारी जाम की सूचना मिली। एक यात्री ने कहा कि इंडिया गेट के आसपास की सड़कों पर भारी जाम था, और कई मार्गों पर प्रतिबंधों व मार्ग परिवर्तन के कारण आसपास के इलाकों के बीच आवाजाही मुश्किल हो गई। एक यात्री ने कहा, ताज होटल और मैरियट के पास की पूरी सड़क को वीआईपी आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया था और कई वाहन जाम में फंसे गए।

वहां भारी बैरिकेडिंग थी और निकलने का रास्ता नहीं था। पुलिस ने यह भी कहा कि ताज और मैरियट होटलों के आसपास के प्रतिबंध वीवीआईपी व्यक्तियों की आवाजाही से जुड़े थे और परिचालन व सुरक्षा आवश्यकताओं के अनुसार लगाए गए थे। मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में संसद मार्ग से निर्वाचन आयोग मुख्यालय तक ‘इंडिया’ गठबंधन के मार्च के लिए सुबह आठ बजे से विशेष यातायात व्यवस्था की गई थी।

यातायात पुलिस ने बताया कि कनॉट प्लेस-पटेल चौक-संसद मार्ग खंड, पटेल चौक से जीपीओ, विंडसर प्लेस से जीपीओ, अशोक रोड, जंतर-मंतर रोड, संसद मार्ग और आसपास की सड़कों पर यातायात को नियंत्रित या उनका मार्ग परिवर्तित किया जा रहा है। मध्य दिल्ली से होकर यात्रा करने वाले यात्रियों को जंतर-मंतर, संसद मार्ग, अशोक रोड और आसपास के क्षेत्रों से बचने की सलाह दी गई है। पुलिस ने कहा कि मार्ग परिवर्तन और जाम को कम करने के लिए महत्वपूर्ण बिंदुओं पर यातायात कर्मी तैनात हैं।

विपक्षी गठबंधन इंडिया के सांसदों का मार्च चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर निर्वाचन आयोग के मुख्यालय ‘निर्वाचन सदन’ की ओर निकाला, लेकिन पुलिस ने इसे बीच में रोक दिया, जिसके बाद लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस प्रियंका गांधी समेत अन्य नेता संसद मार्ग स्थित आकाशवाणी भवन परिसर में धरने पर बैठ गए।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़