'युवाओं के नेतृत्व में विकास की ओर बढ़ रहा भारत', सरकार के 12 साल पूरे होने पर PM मोदी का बड़ा बयान

PM Modi
ANI
रेनू तिवारी । Jun 13 2026 12:11PM

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार युवाओं के नेतृत्व वाले विकास की दिशा में मजबूती से काम कर रही है और ‘‘पिछले 12 साल की अहम विशेषताओं में से एक’’यह रही है कि भारत के युवाओं का अपनी आकांक्षाओं को पूरा करने के प्रति आत्मविश्वास बढ़ा है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को देश के युवाओं और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार के विजन को लेकर एक बड़ा संदेश दिया है। पीएम मोदी ने कहा कि उनकी सरकार 'युवाओं के नेतृत्व वाले विकास' (Youth-led Development) की दिशा में मजबूती से काम कर रही है। उन्होंने 'पिछले 12 वर्षों' को भारतीय युवाओं के आत्मविश्वास में आए क्रांतिकारी बदलाव का दौर बताया। यह बयान ऐसे समय में आया है जब पीएम मोदी ने लगातार तीसरी बार सत्ता संभालने के साथ ही देश के संसदीय इतिहास में एक नया रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिया है। मोदी ने यह भी कहा कि भारत के युवा विज्ञान और प्रौद्योगिकी से लेकर विनिर्माण, अंतरिक्ष, सेमीकंडक्टर और ड्रोन जैसे कई क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह देखकर खुशी होती है कि भारत के युवा उन क्षेत्रों में योगदान दे रहे हैं जो देश और दुनिया के भविष्य को आकार देंगे।

इसे भी पढ़ें: Coocking Tips: अब बिंदास खाएं मोमोज! मैदे को कहें Bye, ट्राय करें ये Gluten-Free Rice Paper वाली रेसिपी

 

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘राजग सरकार युवाओं के नेतृत्व वाले विकास की दिशा में मजबूती से काम कर रही है। पिछले 12 वर्षों की एक प्रमुख विशेषता यह रही है कि भारत के युवाओं का अपनी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रति आत्मविश्वास बढ़ा है।’’ मोदी सरकार के सत्ता में 12 साल पूरे हो गए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया और अटल इनोवेशन मिशन जैसी पहलों से एक ऐसा परिवेश बना है जो नवोन्मेष, उद्यमिता और उद्यम को बढ़ावा देता है।

उन्होंने कहा, ‘‘आज भारत दुनिया के प्रमुख स्टार्टअप केंद्रों में से एक है और इनमें से कई सफलता की कहानियां हमारी युवा शक्ति लिख रही है और वह भी छोटे कस्बों और गांवों से।’’ मोदी ने कहा कि भारतीय युवाओं ने खेल और कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का नाम रोशन किया है और युवा भारतीय खिलाड़ियों ने लगातार देश का मान बढ़ाया है।

इसे भी पढ़ें: World Cup जीतने का सपना छोड़ो! Cristiano Ronaldo ने Portugal टीम को दी बड़ी सलाह, कहा- अच्छी शुरुआत जरूरी

उन्होंने कहा, ‘‘साथ ही, खेलों का मजबूत माहौल, बेहतर बुनियादी ढांचा और खिलाड़ियों को ज्यादा समर्थन मिलने से युवा प्रतिभाओं के लिए नए मौके बन रहे हैं और उन्हें खेलों में आगे बढ़ने के लिए बढ़ावा मिल रहा है।’’ मोदी ने पहली बार 26 मई 2014 को भारत के प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ ली थी। वह आजादी के बाद भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। उनका दूसरा कार्यकाल 30 मई 2019 को शुरू हुआ।

मोदी ने 2024 के संसदीय चुनाव में एक और जीत के बाद नौ जून 2024 को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। इस साल 10 जून को मोदी ने 1952 के आम चुनाव के बाद निर्वाचित देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिनों तक सत्ता में रहने का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। वर्ष 1947 से 1952 तक नेहरू का कार्यकाल एक अंतरिम सरकार के प्रमुख के तौर पर था क्योंकि आजादी के बाद 1952 तक चुनाव नहीं हुए थे।

All the updates here:

अन्य न्यूज़