देश में पिछले 24 घंटें में आए 18,599 नए केस, 97 लोगों की मौत

 Indias Covid-19 tally

देश में कोविड-19 के 18,599 नए मामले सामने आए है।आंकड़ों के अनुसार, देश में लगातार छठे दिन उपचाराधीन मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अभी 1,88,747 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 1.68 प्रतिशत है।

नयी दिल्ली।भारत में एक दिन में कोविड-19 के 18,599 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,12,29,398 हो गई। देश में लगातार तीसरे दिन 18 हजार से अधिक नए मामले सामने आए हैं। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में लगातार छठे दिन उपचाराधीन मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अभी 1,88,747 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 1.68 प्रतिशत है। देश में मरीजों के ठीक होने की दर में गिरावट दर्ज की गई है, जो अब 96.91 प्रतिशत है। वहीं कोविड-19 से मृत्यु दर 1.41 प्रतिशत है। आंकड़ों के अनुसार, वायरस से 97 और लोगों की मौत के बाद देश में मृतक संख्या बढ़कर 1,57,853 हो गई।

इसे भी पढ़ें: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर स्मृति ईरानी ने की महिला स्वास्थ्यकर्मियों को सलाम

आंकड़ों के अनुसार, देश में अभी तक कुल 1,08,82,798 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवम्बर को 90 लाख और 19 दिसम्बर को एक करोड़ के पार चले गए थे। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार, देश में सात मार्च तक 22,19,68,271 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई है। इनमें से 5,37,764 नमूनों की जांच रविवार को की गई थी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़