Indore के गांधी हॉल परिसर में जर्मन महिला से छेड़छाड़, आरोपी सुरक्षाकर्मी गिरफ्तार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मध्यप्रदेश के इंदौर स्थित ऐतिहासिक गांधी हॉल परिसर में तस्वीरें ले रही एक जर्मन नागरिक से अभद्रता करने के मामले में एम.जी. रोड थाना पुलिस ने संविदा सुरक्षा गार्ड को हिरासत में लिया है। आरोपी दीपक कुमार मीणा घटना के समय नशे में धुत था और पीड़ित महिला के शोर मचाने पर अन्य पर्यटकों ने बीच-बचाव किया। दिल्ली में कार्यरत पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

मध्यप्रदेश के इंदौर में ऐतिहासिक गांधी हॉल परिसर में 35 वर्षीय जर्मन महिला से कथित तौर पर छेड़छाड़ करने के आरोप में एक सुरक्षाकर्मी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। एम.जी. रोड थाने के प्रभारी विजय सिंह सिसोदिया ने बताया कि घटना मंगलवार की है और आरोपी को बुधवार शाम गिरफ्तार कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि बर्लिन निवासी महिला दिल्ली की एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में काम करती है और एक साथी के साथ घूमने इंदौर आई थी। अधिकारी के अनुसार, महिला गांधी हॉल परिसर में तस्वीरें और सेल्फी ले रही थी तभी वहां तैनात सुरक्षाकर्मी दीपक कुमार मीणा (28) ने कथित तौर पर उस पर अश्लील टिप्पणियां कीं और आपत्तिजनक इशारे किए। सीहोर का निवासी मीणा संविदा पर तैनात था।

महिला के शोर मचाने पर वहां मौजूद अन्य पर्यटकों ने हस्तक्षेप किया और कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बताया कि घटना के समय आरोपी नशे की हालत में था। सिसोदिया ने बताया कि घटना से आहत महिला शुरू में शिकायत दर्ज कराने को लेकर अनिच्छुक थी।

हालांकि, पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद वह शिकायत दर्ज कराने के लिए तैयार हुई। उन्होंने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़