Cryptocurrency fraud में जालना से फरार आरोपी गिरफ्तार, 4.3 करोड़ की थी ठगी

महाराष्ट्र के जालना जिले की आर्थिक अपराध शाखा ने क्रिप्टोकरेंसी में भारी मुनाफे का झांसा देकर 4.3 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने वाले 50 वर्षीय अमोद मेहेतकर को कोल्हापुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वहां पहचान बदलकर छात्रों के आवास में रह रहा था। अदालत ने उसे छह दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है, जबकि मामले में शामिल पांच अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
महाराष्ट्र के जालना जिले में पुलिस ने क्रिप्टोकरेंसी में निवेश के नाम पर 4.3 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी के मामले में फरार 50 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने बृहस्पतिवार को कोल्हापुर जिले के तलसंडे इलाके में आरोपी अमोद मेहेतकर का पता लगाया।
वह वहां अपनी पहचान छिपाकर स्थानीय कॉलेज के पास छात्रों के लिए बने आवास में किराये पर रह रहा था। ईओडब्ल्यू के अनुसार, मेहेतकर और उसके सहयोगियों ने क्रिप्टोकरेंसी में निवेश करने पर भारी मुनाफा दिलाने का वादा कर निवेशकों को कथित तौर पर अपने जाल में फंसाया और उनसे 4.3 करोड़ रुपये से अधिक की रकम जुटाकर धोखाधड़ी की। अधिकारी ने बताया कि मेहेतकर एवं पांच अन्य लोगों के खिलाफ 18 अक्टूबर 2025 को जालना तहसील पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया था।
उन्होंने बताया कि मेहेतकर को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जिसने उसे छह दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। मामले में फरार पांच अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
अन्य न्यूज़













