Jammu Police ने हिरासत से फरार दुष्कर्म के आरोपी Tauseef Ahmed को पकड़ा

जम्मू कश्मीर पुलिस ने एक व्यापक तलाशी अभियान चलाकर वर्ष 2019 में पुलिस हिरासत से भागे अपहरण और दुष्कर्म के वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अपनी असली पहचान छिपाकर फर्जी आईडी कार्ड के सहारे रह रहा था। इसके अलावा पुलिस ने विभिन्न जिलों से मादक पदार्थ तस्करों और मवेशी तस्कर को भी दबोचा है।
पुलिस ने लगभग सात साल पहले हिरासत से भागे दुष्कर्म के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी जम्मू क्षेत्र में लंबे समय तक चलाए गए एक तलाशी अभियान के बाद की गई है। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
एक अन्य कार्रवाई में, पुलिस ने मादक पदार्थ के एक कुख्यात तस्कर को किश्तवाड़ से हिरासत में लिया गया और बाद में उसे कड़े स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अवैध व्यापार निवारण अधिनियम (पीआईटी-एनडीपीएस) के प्रावधानों के तहत कर जेल भेज दिया गया। पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि रियासी जिला निवासी तौसीफ अहमद को जम्मू से गिरफ्तार किया गया, जो 2019 में पुलिस हिरासत से फरार हो गया था। उन्होंने बताया कि आरोपी एक महिला के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में वांछित था।
प्रवक्ता ने कहा, फरार रहने के दौरान आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए काफी हथकंडे अपनाए। उसने कथित तौर पर अपनी असली पहचान छिपा रखी थी और मोहम्मद साहिल के छद्म नाम से बनाए गए एक फर्जी पहचान पत्र (आईडी कार्ड) का इस्तेमाल कर रहा था। उन्होंने बताया कि पुलिस की एक टीम ने लंबी जांच-पड़ताल के बाद उसके ठिकाने का सुराग लगाया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
एक अन्य मामले में, उधमपुर जिला पुलिस ने 10 साल पुराने एक मामले में वांछित भगोड़े देस राज को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ उधमपुर के रहंबल इलाके में शांति भंग करने की मंशा सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज था। उसे भगोड़ा घोषित किया गया था और 11 अप्रैल 2016 को जिला मजिस्ट्रेट द्वारा उसके खिलाफ वारंट जारी किया गया था।
इसके अलावा, किश्तवाड़ जिले में मादक पदार्थ के एक कुख्यात तस्कर हारिस हुसैन को पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम के तहत हिरासत में लिया और उसे बाद में भद्रवाह जिला जेल भेजा गया। प्रवक्ता ने बताया कि हारिस किश्तवाड़ शहर में मादक पदार्थों का मुख्य आपूर्तिकर्ता था और जांच के दौरान बार-बार मादक पदार्थों की तस्करी में उसकी संलिप्तता सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई। प्रवक्ता ने बताया कि एक अन्य कार्रवाई में, कठुआ जिले के बिलावर स्थित धरमकोट गांव से सोमवार को संदिग्ध मादक पदार्थ तस्कर नीतन कपूर को गिरफ्तार किया गया और उसके पास से नौ ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
प्रवक्ता ने बताया कि इसके अतिरिक्त, पुलिस टीम पर हमले के मामले में वांछित एक मवेशी तस्कर को जम्मू के मीरां साहिब इलाके से गिरफ्तार किया गया। प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी मुराद अली उर्फ फज्जी (निवासी मरालियां) कई महीनों से फरार था। प्रवक्ता ने बताया कि उसने अपने साथियों के साथ इस साल अप्रैल में पुलिस टीम पर हमला किया था, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।
अन्य न्यूज़













