झांसी में Ambedkar प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश, पुलिस ने महिला को दबोचा

झांसी के चिरगांव में रविवार तड़के बीआर आंबेडकर की प्रतिमा को क्षति पहुंचाने के प्रयास के आरोप में 28 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, पारिवारिक विवाद के बाद तनाव में आई महिला ने यह कदम उठाया, हालांकि मूर्ति सुरक्षित रही।
झांसी जिले के चिरगांव क्षेत्र में डॉक्टर भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने की कोशिश करने के आरोप में पुलिस ने रविवार को 28 वर्षीय एक महिला को गिरफ्तार किया। पुलिस क्षेत्राधिकारी (मोंठ) सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि घटना रविवार तड़के तालाबपुरा मुख्य मार्ग पर स्थापित आंबेडकर प्रतिमा के पास हुई। उन्होंने बताया कि महिला की पहचान शिवांगी मेहरौलिया के रूप में हुई है।
शर्मा के मुताबिक पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से महिला की पहचान की और उसे हनुमान मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक महिला का शनिवार रात परिवार के सदस्यों के साथ कथित तौर पर विवाद हुआ था, जिसके बाद मानसिक तनाव की स्थिति में उसने आंबेडकर प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। हालांकि, वह प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने में सफल नहीं हो सकी।
शर्मा ने बताया कि आरोपी महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 192 (दंगा कराने के इरादे से जानबूझकर उकसाना) और धारा 298 (धर्म का अपमान करने के इरादे से पूजा स्थल को नुकसान पहुंचाना या अपवित्र करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि महिला की गिरफ्तारी के बाद इलाके में स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है।
अन्य न्यूज़













