BJP की तीन दिवसीय Janjatiya Gaurav Padyatra Ranchi में संपन्न, 75 किमी का तय किया सफर

झारखंड में बिरसा मुंडा की जयंती के मौके पर खूंटी के उलिहातू से शुरू हुई भाजपा की पदयात्रा रविवार को रांची स्थित उनके स्मारक पर समाप्त हुई। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में हजारों आदिवासियों और पार्टी नेताओं ने हिस्सा लिया। नेताओं ने आदिवासियों के नायक की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
झारखंड में बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से निकाली गई तीन-दिवसीय पदयात्रा रविवार को यहां कोकर इलाके में उनके स्मारक पर संपन्न हुई। यह पदयात्रा जनजातीय गौरव दिवस के तहत 13 नवंबर को खूंटी जिले के उलिहातू से शुरू हुई थी। उलिहातू बिरसा मुंडा का जन्मस्थान है।
भाजपा की झारखंड इकाई के अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में निकाली गई ‘जनजातीय गौरव पदयात्रा’ रांची के जेल चौक स्थित बिरसा मुंडा संग्रहालय पहुंची। वहां से करीब 75 किलोमीटर की यात्रा पूरी करने के बाद यह पदयात्रा आदिवासी नायक बिरसा मुंडा के स्मारक की ओर बढ़ी। पारंपरिक ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच हजारों की संख्या में आदिवासी समुदाय के लोगों ने इस पदयात्रा में हिस्सा लिया।
साहू के अलावा रांची से विधायक सीपी सिंह और पार्टी के महासचिव अमर बाउरी सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने भी बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने बिरसा मुंडा स्मारक पर संवाददाताओं से कहा, “भाजपा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में धूमधाम से मना रही है। बिरसा मुंडा ने एक शिक्षित और एकजुट समाज का सपना देखा था।
शिक्षित समाज ही अपनी संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए समाज को एकजुट रख सकता है।” साहू ने कहा कि भाजपा के अनुसूचित जनजाति (एसटी) मोर्चा ने तीन दिन पहले जनजातीय नायक की जन्मस्थली उलिहातू से इस पदयात्रा की शुरुआत की थी। उन्होंने कहा, “नरेन्द्र मोदी देश की आजादी के बाद ऐसे पहले प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने बिरसा मुंडा की जन्मस्थली का दौरा किया और वहां की मिट्टी अपने माथे पर लगाई।” साहू ने कहा, “यह प्रधानमंत्री की पहल थी कि बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाए। आदिवासियों के कल्याण के लिए उनके नाम पर कई योजनाएं भी शुरू की गईं।”
अन्य न्यूज़














