Jharkhand के Palamu में इनामी Maoist कमांडर की निशानदेही पर SLR राइफल और 200 राउंड बरामद

Jharkhand के Palamu में इनामी Maoist कमांडर की निशानदेही पर SLR राइफल और 200 राउंड बरामद
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

महाराष्ट्र एटीएस द्वारा डोंबिवली से पकड़े गए 13 लाख रुपये के इनामी माओवादी संजय यादव से पूछताछ के बाद पुलिस ने महुआडांड़ के जंगलों से यह खेप जब्त की है। दो दिन की पुलिस रिमांड के दौरान मिली सूचना पर चलाए गए तलाशी अभियान में यह सफलता मिली। आरोपी पर झारखंड और बिहार में कुल 63 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

झारखंड पुलिस ने गिरफ्तार किए गए एक माओवादी कमांडर से मिली जानकारी के आधार पर पलामू जिले में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान एक अर्द्ध-स्वचालित राइफल और करीब 200 कारतूस बरामद किए हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। जिले के देवगांव गांव के निवासी संजय यादव (45) उर्फ गोडराम को हाल में महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने डोंबिवली से गिरफ्तार किया था।

बाद में उसे आगे की जांच के लिए पलामू पुलिस को सौंप दिया गया। उसकी गिरफ्तारी पर 13 लाख रुपये का इनाम घोषित था। अधिकारी ने बताया कि यादव को दो दिन की पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ करने के बाद मंगलवार को हथियार और कारतूस बरामद किए गए।

पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘यादव से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर मंगलवार को महुआडांड़ के जंगल क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान एक एसएलआर राइफल और 200 कारतूस बरामद किए गए।’’ अधिकारी के मुताबिक, यादव के खिलाफ झारखंड और बिहार में कम से कम 63 आपराधिक मामले लंबित हैं। वह प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) की जोनल कमेटी का सदस्य था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़