कर्नाटक में बढ़ी कीमतों के खिलाफ BJP का हल्लाबोल, 11 नवंबर को बेंगलुरु में प्रदर्शन

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

कर्नाटक में कांग्रेस सरकार द्वारा आवश्यक वस्तुओं और सेवाओं के दाम बढ़ाए जाने के विरोध में भाजपा 11 नवंबर को बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में दिनभर धरना देगी। पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष बी. वाई. विजयेंद्र ने बताया कि इस प्रदर्शन में सभी सांसद, विधायक और पदाधिकारी शामिल होंगे। इसके बाद पार्टी जिला मुख्यालयों और विधानसभा क्षेत्रों में भी आंदोलन तेज करेगी।

बेंगलुरु, आठ नवंबर कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस सरकार द्वारा की गई मूल्य वृद्धि के विरोध में और इसे वापस लेने की मांग को लेकर 11 नवंबर को यहां फ्रीडम पार्क में दिनभर प्रदर्शन करने की घोषणा की है। पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष बी. वाई. विजयेंद्र ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक होने वाले इस प्रदर्शन में भाजपा के सभी विधायक, सांसद, विधान परिषद सदस्य (एमएलसी), पूर्व जनप्रतिनिधि, चुनाव लड़ चुके नेता और प्रदेश पदाधिकारी शामिल होंगे।

विजयेंद्र ने कहा, ‘‘कांग्रेस सरकार की अनुचित मूल्य वृद्धि की निंदा करते हुए और इस फैसले को वापस लेने की मांग को लेकर भाजपा बुधवार, 11 नवंबर को सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक फ्रीडम पार्क में प्रदर्शन करेगी।’’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने मूल्य वृद्धि करके गरीबों और आम लोगों पर बोझ डाल दिया है। सरकार को इस फैसले की समीक्षा कर इसे वापस लेना चाहिए। विजयेंद्र ने मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार पर दीपावली के दौरान राज्य में डेयरी उत्पादों और बस किराये की कीमतें बढ़ाकर लोगों पर अतिरिक्त बोझ डालने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि फ्रीडम पार्क में प्रदर्शन के बाद पार्टी अपना आंदोलन तेज करेगी। इसके तहत सभी जिला मुख्यालयों के सामने मार्च निकाले जाएंगे और हर विधानसभा क्षेत्र में सरकार के फैसले के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘हम किसी भी परिस्थिति में चुप नहीं बैठेंगे।

मैं मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार को चेतावनी देना चाहता हूं कि लोगों पर इस तरह का बोझ डालने के बजाय सरकार को अपना फैसला वापस लेना चाहिए।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़