कर्नाटक उपचुनाव के नतीजे सोमवार को होंगे घोषित, CM येदियुरप्पा के भविष्य का होगा फैसला

karnataka-by-election-counting-of-votes-on-monday
[email protected] । Dec 8 2019 5:32PM

कर्नाटक में 15 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के लिए मतगणना सोमवार को होगी और इससे चार महीने पुरानी राज्य की भाजपा सरकार का भविष्य तय होगा। चुनाव अधिकारियों ने बताया कि इन सीटों पर पांच दिसम्बर को चुनाव हुआ था जिसमें 67.91 प्रतिशत मतदान हुआ था।

बेंगलुरू। कर्नाटक में 15 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के लिए मतगणना सोमवार को होगी और इससे चार महीने पुरानी राज्य की भाजपा सरकार का भविष्य तय होगा। चुनाव अधिकारियों ने बताया कि इन सीटों पर पांच दिसम्बर को चुनाव हुआ था जिसमें 67.91 प्रतिशत मतदान हुआ था। मतगणना सुबह आठ बजे 11 केन्द्रों पर शुरू होगी और अपराह्र तक सभी परिणाम आने की उम्मीद है।

इसे भी पढ़ें: भाजपा पर बरसे सिद्धरमैया, बोले- सत्ता में बने रहने का कोई नैतिक आधार नहीं

ये उपचुनाव 17 विधायकों को अयोग्य करार देने से रिक्त सीटों को भरने के लिये कराये गये थे। इन विधायकों में कांग्रेस और जद(एस) के बागी नेता शामिल थे। इन विधायकों की बगावत के चलते जुलाई में एच डी कुमारस्वामी नीत कांग्रेस-जद(एस) सरकार गिर गई थी और बी एस येदियुरप्पा के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के सत्ता में आने का मार्ग प्रशस्त हुआ था।

इस समय भाजपा के पास 105 विधायक (एक निर्दलीय समेत) हैं, कांग्रेस के 66 और जद (एस) के 34 विधायक हैं। इनके अलावा बसपा का एक सदस्य है, एक मनोनीत विधायक है और अध्यक्ष हैं। पुलिस ने बताया कि मतगणना के लिए सुरक्षा समेत सभी प्रबंध किये गये हैं। मतगणना केन्द्रों के आसपास लोगों को एकत्र होने से रोकने के लिए निषेधाज्ञा लागू की गई है।

इसे भी पढ़ें: येदियुरप्पा सरकार की किस्मत दांव पर, उपचुनाव में 15 में 6 सीटों पर जीत जरूरी

येदियुरप्पा ने रविवार को यहां संवाददाताओं को बताया कि उनकी पार्टी कम से कम 13 सीटें जीतेंगी। उन्होंने कहा, ‘‘हम अपना कार्यकाल पूरा करेंगे। यहां तक कि लोगों को भी हमसे यही उम्मीदें हैं।’’ भाजपा ने पार्टी में शामिल हुए 16 में से 13 अयोग्य विधायकों को उनके संबंधित क्षेत्रों सेटिकट दिया है। उन्होंने 2018 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस और जद (एस) के टिकटों पर जीत हासिल की थी। जिन 15 सीटों पर उपचुनाव हो रहा है उनमें 12 पर कांग्रेस और तीन पर जद (एस) का कब्जा था। 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़