कर्नाटक के Gadag में KRIDL के सहायक अधिशासी अभियंता 13 दिन से लापता, ठेकेदारों पर प्रताड़ना का आरोप

कर्नाटक के गडग में तैनात केआरआईडीएल के सहायक अधिशासी अभियंता फरवीज धारवाड़ 13 सितंबर से लापता हैं। पुलिस के अनुसार उन्होंने जाने से पहले एक पत्र छोड़ा, जिसमें सरकारी निधि न मिलने पर बकाया भुगतान के लिए ठेकेदारों द्वारा परेशान किए जाने की बात कही गई है। बेटागेरी थाने में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
गडग में तैनात कर्नाटक ग्रामीण अवसंरचना विकास लिमिटेड (केआरआईडीएल) के सहायक अधिशासी अभियंता फरवीज धारवाड़ 13 दिन से लापता हैं। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, अभियंता ने लापता होने से पहले एक पत्र छोड़ा, जिसमें उन्होंने सरकारी निधि जारी न होने के कारण बकाया भुगतान को लेकर ठेकेदारों द्वारा परेशान किए जाने का जिक्र किया।
उन्होंने लिखा कि वह बहुत ज्यादा तनाव में हैं और हालात का सामना न कर पाने के कारण अपनी जान दे देंगे। बताया जा रहा है कि धारवाड़ 13 सितंबर को किसी सरकारी काम के बहाने घर से निकले थे और तब से उनका कोई पता नहीं चला है, जिसके बाद उनके परिवार ने पुलिस से संपर्क किया। पुलिस के अनुसार, धारवाड़ ने पत्र में लिखा कि ठेकेदार बार-बार उनके घर आ रहे हैं, बकाया भुगतान को लेकर उन पर दबाव डाल रहे हैं और उन्हें परेशान कर रहे हैं, साथ ही सरकारी निधि जारी होने में देरी को लेकर हंगामा भी कर रहे हैं।
धारवाड़ ने पत्र में यह भी लिखा कि उन्हें बार-बार फोन आ रहे हैं और भुगतान में देरी को लेकर उन्हें लगातार दबाव का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पत्र में धारवाड़ ने यह भी लिखा कि हालात ने उनकी मानसिक सेहत पर बुरा असर डाला है और अगर पैसे जारी नहीं किए गए तो वह घर छोड़कर अपनी जान दे देंगे। धारवाड़ ने पत्र में जल्द निधि जारी किए जाने का अनुरोध किया और ठेकेदारों से अपील की कि वे इस मामले को लेकर उनके परिवार वालों को परेशान न करें।
अधिकारी ने बताया कि बाद में उनका परिवार पुलिस के पास पहुंचा, जिसके बाद बेटागेरी थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया। उन्होंने कहा, ‘‘हमें कुछ सुराग मिले हैं और उम्मीद है कि हम उन्हें (धारवाड़) जल्द ढूंढ़ लेंगे।
अन्य न्यूज़













