Kerala के Kollam में काम शुरू करने से पहले जंगली हाथी का हमला, 80 वर्षीय Rajamma की मौत

केरल के कोल्लम जिले में एक योजना के तहत काम शुरू करने से पहले तस्वीरें ले रहीं 80 वर्षीय श्रमिक राजम्मा पर जंगली हाथी ने हमला कर दिया। अन्य मजदूरों ने भागकर जान बचाई, जबकि राजम्मा मौके से निकल नहीं पाईं। वन विभाग के अधिकारियों ने बाद में हाथी को जंगल में खदेड़ा।
कोल्लम (केरल), पांच अक्टूबर केरल के दक्षिणी जिले कोल्लम में सोमवार को वीबी-जी राम जी योजना के तहत काम शुरू करने की तैयारी कर रही 80 वर्षीय एक महिला को जंगली हाथी ने कथित तौर पर कुचलकर मार डाला। पुलिस ने यह जानकारी दी। मृतका की पहचान कदाशेरी निवासी राजम्मा के रूप में हुई है।
घटना सुबह करीब नौ बजे जंगल के समीप स्थित पथनापुरम इलाके में हुई। पुलिस के अनुसार, राजम्मा और अन्य श्रमिक काम शुरू करने से पहले मौके पर एकत्र हुए थे और तस्वीरें ले रहे थे। काम से संबंधित प्रक्रिया के तहत ये तस्वीरें पंचायत में जमा करनी होती हैं।
स्थानीय निवासियों के मुताबिक, हाथी पीछे से श्रमिकों के समूह के पास पहुंचा। अन्य श्रमिकों ने भागकर अपनी जान बचा ली, लेकिन राजम्मा वहां से निकल नहीं सकीं और हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हाथी को महिला पर हमला करते देख श्रमिकों ने शोर मचाया।
वह काफी देर तक इलाके में ही मौजूद रहा। बाद में वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और हाथी को वापस जंगल की ओर खदेड़ दिया। राजम्मा के शव को पुनालूर तालुक अस्पताल के शवगृह में रखा गया है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि इलाके में जंगली हाथियों के हमले लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने जंगल के करीब रहने और काम करने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
अन्य न्यूज़














