Kerala: Malabar Express में महिला से छेड़छाड़ और मारपीट करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

केरल में मंगलवार को चलती ट्रेन में 25 वर्षीय महिला का यौन उत्पीड़न करने और विरोध पर उसके साथ मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को पकड़ा है। पेट्टा स्टेशन पर शिकायत करने की बात कहने पर आरोपी ने महिला को चेहरे पर वार कर प्लेटफॉर्म पर गिरा दिया था। थंपानूर रेलवे पुलिस ने आरोपी पर बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।

केरलम में मंगलवार को मालाबार एक्सप्रेस ट्रेन में एक व्यक्ति ने 25 वर्षीय महिला का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया और पुलिस से शिकायत करने की बात कहने पर उसकी पिटाई कर दी। थंपानूर रेलवे थाने के एक अधिकारी ने बताया कि 39 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 74 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के इरादे से उस पर हमला करना या आपराधिक बल का प्रयोग करना), 75 (यौन उत्पीड़न), 115 (जानबूझकर चोट पहुंचाना) और 125 (गलत तरीके से रोकना) के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। पुलिस ने बताया कि महिला तिरुवनंतपुरम शहर में अपने कार्यस्थल जाने के लिए रोज की तरह चिरायिनकीझु से ट्रेन में सवार हुई थी और यात्रा के दौरान आरोपी उसे लगातार अनुचित तरीके से छूता रहा।

पुलिस के अनुसार, शुरू में महिला को लगा कि अत्यधिक भीड़ के कारण ऐसा हो रहा है, लेकिन बाद में उसने आरोपी के व्यवहार पर आपत्ति जताई। उसने बताया कि महिला ने पेट्टा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरते समय आरोपी से कहा कि वह उसकी शिकायत पुलिस से करेगी। पुलिस ने बताया कि शिकायत करने की बात सुनकर आरोपी गुस्से में आ गया और उसने महिला की पिटाई कर दी, जिससे वह प्लेटफॉर्म पर बेहोश होकर गिर पड़ी।

यह देखकर प्लेटफॉर्म पर मौजूद अन्य लोगों ने हस्तक्षेप किया और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। राजधानी के एक प्रमुख अस्पताल के जनसंपर्क विभाग में काम करने वाली महिला ने पत्रकारों को बताया कि आरोपी ने कथित तौर पर उसके चेहरे पर वार किया और उसे ट्रेन से धक्का देकर प्लेटफॉर्म पर गिरा दिया। उसने कहा कि वह उसे लात मारने वाला था, तभी वहां मौजूद लोगों ने उसे रोक दिया।

महिला ने कहा, ‘‘उसने मुझे अपशब्द भी कहे।’’ पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अटिंगल में मारपीट का एक अन्य मामला भी दर्ज है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़