केशव प्रसाद मौर्य उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष बने

भाजपा ने आज पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा को कर्नाटक इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया वहीं एक प्रमुख ओबीसी चेहरे केशव प्रसाद मौर्य को उत्तर प्रदेश इकाई का जिम्मा सौंपा गया है।

भाजपा ने आज पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा को कर्नाटक इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया वहीं एक प्रमुख ओबीसी चेहरे केशव प्रसाद मौर्य को उत्तर प्रदेश इकाई का जिम्मा सौंपा गया है। प्रमुख लिंगायत चेहरे येदियुरप्पा को नियुक्त कर भाजपा ने एक बार फिर अपने पुराने योद्धा पर भरोसा किया है। विगत में उन्हें भ्रष्टाचार के आरोपों के कारण मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़नी पड़ी थी। उन्होंने भाजपा छोड़कर अपना संगठन बना लियाा था और 2014 के आम चुनाव के पहले वह भाजपा में लौटे थे। वह अभी शिमोगा से लोकसभा सदस्य हैं।

उत्तर प्रदेश में पार्टी ने एक ओबीसी चेहरे को अध्यक्ष बनाने का फैसला किया है। पार्टी राज्य में अगले साल होने वाले महत्वपूर्ण विधानसभा चुनाव के लिए तैयारी कर रही है। मौर्य शुरू से ही आरएसएस से जुड़े रहे हैं। उत्तर प्रदेश में अगले साल चुनाव होने हैं वहीं कर्नाटक में मई 2018 के पहले चुनाव होने हैं। भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने नियुक्तियों की घोषणा करते हुए बताया कि केंद्रीय मंत्री विजय सांपला को पंजाब, विधायक के. लक्ष्मन को तेलंगाना तथा पूर्व सांसद तापिर गाव को अरुणाचल प्रदेश इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

केंद्रीय मंत्री और पंजाब से भाजपा के दलित चेहरे विजय सांपला पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं। पंजाब में अगले साल प्रारंभ में विधानसभा चुनाव हैं और राज्य में 32 फीसदी दलित वोट हैं। ऐसे में भाजपा ने दलित वोटों को अपने पक्ष में करने के लिए 55 वर्षीय सांपला पर भरोसा किया है जो बिल्कुल सामान्य पृष्ठभूमि से आते हैं और सालों से अपनी मेहनत से पार्टी में आगे बढ़े हैं। राज्य में आम आदमी पार्टी के एक मजबूत ताकत के रूप में उभरने और शिअद-भाजपा सरकार के सत्ता विरोधी लहर से जूझने के मद्देनजर पार्टी नेता को विश्वास है कि उनकी नियुक्ति चुनाव में उसे मदद पहुंचाएगी। सांपला कमल शर्मा का स्थान लेंगे।

Disclaimer:प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


Tags

    अन्य न्यूज़