Kochi Metro का नाम बदलने की कोई मंजूरी नहीं दी: केरल सीएम VD Satheesan

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

केरलम के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने शुक्रवार को उत्तर परवूर में स्पष्ट किया कि कोच्चि मेट्रो रेल लिमिटेड का नाम बदलने के प्रस्ताव को राज्य सरकार ने कोई मंजूरी नहीं दी है। उन्होंने बताया कि केएमआरएल ने प्रशासन से परामर्श किए बिना यह कदम उठाया, जिसकी जानकारी उन्हें अखबारों से मिली। इससे पहले एर्नाकुलम सांसद हिबी ईडन ने भी इस फैसले का विरोध जताया था।

केरलम के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार ने ‘कोच्चि मेट्रो रेल लिमिटेड’ का नाम बदलकर ‘केरल मेट्रो रेल लिमिटेड’ करने के प्रस्ताव को मंजूरी नहीं दी है और उसे इस बारे में कोई सूचना नहीं मिली है। सतीशन ने अपने निर्वाचन क्षेत्र उत्तर परवूर में संवाददाताओं से कहा कि कोच्चि मेट्रो रेल लिमिटेड (केएमआरएल) ने राज्य सरकार से परामर्श किए बिना बृहस्पतिवार को इस प्रस्ताव के संबंध में एक विज्ञप्ति जारी कर दी थी। उन्होंने कहा, ‘‘हमें इस बारे में कुछ भी पता नहीं है।

सरकार से परामर्श किए बिना एकतरफा बातें कही गई हैं। सरकार के साथ अब तक ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई है। यह सरकार के विचाराधीन भी नहीं है।’’ सतीशन ने कहा कि उन्हें इस प्रस्ताव के बारे में शुक्रवार सुबह अखबारों में प्रकाशित खबरों के माध्यम से पता चला।

उनकी यह टिप्पणी केएमआरएल द्वारा नाम बदलने के प्रस्ताव से संबंधित विज्ञप्ति जारी किए जाने के एक दिन बाद आई है। इसके बाद एर्नाकुलम के सांसद हिबी ईडन ने इस कदम का विरोध करते हुए मुख्यमंत्री को पत्र लिखा था। सतीशन ने कहा, ‘‘अगर वे सरकार को बताए बिना अपने स्तर पर इस बारे में सोचते हैं, तो हम क्या कर सकते हैं?

हमें उस पर प्रतिक्रिया देने की कोई जरूरत नहीं है।’’ ओणम उत्सव के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के कारण दुख और उदासी बनी हुई है, लेकिन लोग अपने दुखों को भुलाकर त्योहार मनाने के लिए एकजुट होने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘सरकार भी पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ी है। इतने बड़े वित्तीय संकट से गुजरने के बावजूद, सरकार ओणम का उत्साह कम किए बिना लोगों के साथ खड़े रहने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।’’ सतीशन ने कहा कि ओणम को ध्यान में रखते हुए कल्याणकारी पेंशन का वितरण पहले ही कर दिया जाएगा।

केरल में इस महीने की शुरुआत में मानसून की बारिश के बाद कई स्थानों पर भूस्खलन और बाढ़ की घटनाएं हुई थीं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़