रथ यात्रा के दौरान लता जी ने रिकॉर्ड किया था श्रीराम भजन, लालकृष्ण आडवाणी ने निधन पर जताया शोक

भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने रविवार को लता मंगेशकर के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि लता जी लोकप्रिय गायकों के बीच मेरी हमेशा से पसंदीदा रही हैं और मैं उनके साथ एक लंबे जुड़ाव को साझा करने के लिए भाग्यशाली महसूस करता हूं।
नयी दिल्ली। भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने रविवार को लता मंगेशकर के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि लता मंगेशकर जी के निधन के बारे में सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ है। दुनिया भर में प्रतिष्ठित लता जी ने संगीत की दुनिया में उत्कृष्टता की एक अमिट छाप छोड़ी है। इस दौरान लालकृष्ण आडवाणी ने बताया कि रथ यात्रा के समय लता मंगेशकर ने एक सुंदर श्रीराम भजन रिकॉर्ड किया था, जो मेरी यात्रा की सिग्नेचर धुन बन गई।
इसे भी पढ़ें: लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि: काली पट्टी पहनकर मैच खेलेंगे भारतीय खिलाड़ी, स्टेडियम में आधा झुका रहेगा 'राष्ट्रीय ध्वज'
उन्होंने कहा कि लता जी लोकप्रिय गायकों के बीच मेरी हमेशा से पसंदीदा रही हैं और मैं उनके साथ एक लंबे जुड़ाव को साझा करने के लिए भाग्यशाली महसूस करता हूं। मुझे वह समय याद है जब उन्होंने एक सुंदर श्री राम भजन रिकॉर्ड किया और मुझे भेजा था, जब मैं सोमनाथ से अयोध्या तक अपनी राम रथ यात्रा शुरू करने वाला था। वह यादगार गीत- राम नाम में जादू ऐसा, राम नाम मन भाए, मन की अयोध्या तब तक सूनी, जब तक राम ना आए...। यह धुन मेरी यात्रा की सिग्नेचर धुन बन गई है।
भाजपा नेता ने कहा कि हिंदी सिनेमा के लिए लता जी के अनगिनत खूबसूरती से गाए हुए गीतों में से मुझे ज्योति कलश छलके का विशेष शौक रहा है और हर बार जब लता जी ने मेरे अनुरोध पर कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में इस गीत को गाया तो मुझे बहुत खुशी हुई, जहां पर हमने मंच साझा किया। लता जी एक अच्छी इंसान थीं और उनके साथ मेरी सभी बातचीत में, मैं उनकी सादगी, गर्मजोशी और सबसे बढ़कर, हमारे महान देश के लिए उनके प्यार से प्रभावित हुआ हूं।
उन्होंने आगे कहा कि देश वास्तव में लता जी को याद करेगा। वह संगीत प्रेमियों की कई पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी। उन्हें मेरी ओर से भावभीनी श्रद्धांजलि और उनके परिवार के सभी सदस्यों के प्रति संवेदना।
इसे भी पढ़ें: लता मंगेशकर के निधन के बाद PM मोदी और अमित शाह ने रद्द किए सभी कार्यक्रम
गौरतलब है कि महान गायिका लता मंगेशकर का रविवार को मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 92 वर्ष की थीं। उनकी छोटी बहन उषा मंगेशकर ने बताया कि वह (लता मंगेशकर) अब नहीं रहीं। उनका सुबह निधन हो गया। लता मंगेशकर कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई थीं और उन्हें बीमारी के मामूली लक्षण थे। उन्हें 8 जनवरी को ब्रीच कैंडी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टर प्रतीत समदानी और उनकी टीम की देखरेख में उनका इलाज चल रहा था।
अन्य न्यूज़














