Supreme Court के आदेश के बाद भी Deepathoon पर दीप न जलने पर Madurai में वकीलों का प्रदर्शन

Supreme Court के आदेश के बाद भी Deepathoon पर दीप न जलने पर Madurai में वकीलों का प्रदर्शन
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

मद्रास उच्च न्यायालय की मदुरै पीठ के बाहर अधिवक्ताओं ने तमिलनाडु सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। वकीलों ने आरोप लगाया कि शीर्ष अदालत द्वारा तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति मिलने के बाद भी प्रशासन ने आदेश का पालन नहीं किया। वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने इसे अदालत की सीधी अवमानना और अराजकता करार दिया है।

उच्चतम न्यायालय द्वारा तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर स्थित दीपथून (पत्थर के स्तंभ) पर एक बार दीपक जलाने की अनुमति दिए जाने वाले आदेश के बावजूद वहां कार्तिगई दीपम न जलाने के विरोध में अधिवक्ताओं के एक समूह ने बुधवार को मद्रास उच्च न्यायालय की मदुरै पीठ के बाहर प्रदर्शन किया और तमिलनाडु सरकार तथा पुलिस की निंदा की। राज्य प्रशासन और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शनकारी वकीलों ने सरकार पर शीर्ष अदालत और संविधान का अनादर करने का आरोप लगाया। उन्होंने अदालत के निर्देश का पालन न किए जाने को लेकर अधिकारियों से सवाल भी किए और हिंदू मुन्नानी के पदाधिकारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई का भी विरोध किया।

मदुरै स्थित तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी तमिलनाडु के सबसे महत्वपूर्ण हिंदू तीर्थ स्थलों में से एक है, जहां भगवान मुरुगन को समर्पित अरुलमिगु सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर स्थित है। इस पहाड़ी की चोटी के पास हजरत सुल्तान सिकंदर बादुशा औलिया दरगाह और एक मस्जिद भी है। हालांकि ये धार्मिक स्थल पीढ़ियों से एक साथ मौजूद हैं लेकिन भूमि के स्वामित्व, पहुंच और धार्मिक अधिकारों को लेकर समय-समय पर विवाद उठते रहे हैं।

इस विवाद से जुड़ा हालिया मुद्दा उचिपिल्लयार मंडपम से आगे किसी अन्य स्थान पर कार्तिगई दीपम जलाने की मांग है। पिछले करीब चार दशकों से दरगाह प्रबंधन, हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग (एचआरएंडसी) के नियंत्रण वाले मंदिर और तमिलनाडु के प्रमुख राजनीतिक दल इस अनुष्ठान को दूसरे स्थान पर ले जाने का विरोध करते रहे हैं। वहीं, भाजपा, हिंदू संगठनों और कुछ श्रद्धालुओं ने दीपथून जैसी ऊंची जगह पर दीप जलाने की अनुमति देने की मांग की है।

उनका तर्क है कि मंडपम पहाड़ी की चोटी पर स्थित नहीं है और श्रद्धालुओं को किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर दीप जलाने की अनुमति मिलनी चाहिए। दीप जलाने के संबंध में 20 नवंबर को जारी आदेश में न्यायालय ने एक बार की विशेष अनुमति देते हुए 24 नवंबर को दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाने की मंजूरी दी थी और स्तंभ तथा जमीन की प्रकृति को लेकर मद्रास उच्च न्यायालय के निष्कर्षों पर रोक लगाई थी। हालांकि, 24 नवंबर की शाम अधिकारियों ने परंपरा के अनुसार केवल उचिपिल्लयार मंडपम में ही दीप जलाया, जिसके बाद विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए।

प्रदर्शन के दौरान संवाददाताओं से बात करते हुए उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता अनंत पद्मनाभन ने राज्य सरकार के इस कदम को ‘‘अराजकता’’ करार दिया। उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय के निर्देश का पालन नहीं करना अदालत की अवमानना के दायरे में आता है। उन्होंने पीटीआई वीडियो से कहा, ‘‘यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि राज्य सरकार में उच्चतम न्यायालय के आदेश की अवहेलना करने का दुस्साहस है।

संवैधानिक रूप से गठित प्रत्येक सरकार की जिम्मेदारी है कि वह अदालत के आदेश का पालन करे।’’ उन्होंने कहा कि सरकार को इसके परिणाम भुगतने होंगे। प्रदर्शन कर रहे एक अन्य अधिवक्ता ने उच्चतम न्यायालय के आदेश के ‘‘जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण तरीके से उल्लंघन’’ किए जाने की निंदा की।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़