मध्यप्रदेश में एमएसपी पर शत प्रतिशत मूंग खरीदी की मांग को लेकर किसानों का भोपाल कूच

Prabhasakshi Image

मध्यप्रदेश में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सौ प्रतिशत मूंग खरीदी सहित अन्य मांगों को लेकर किसानों ने नर्मदापुरम से भोपाल के लिए पैदल कूच किया है। संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले निकाली जा रही इस पदयात्रा को रोकने के प्रशासनिक प्रयास विफल रहे हैं। किसानों की अन्य प्रमुख मांगों में ई-टोकन व्यवस्था की समस्या का समाधान और समय पर खाद की उपलब्धता शामिल है।

नर्मदापुरम (मध्यप्रदेश), 27 जुलाई मध्यप्रदेश में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर सौ प्रतिशत मूंग खरीदने सहित कुछ अन्य मांगों को लेकर सोमवार शाम विभिन्न किसान संगठनों के प्रतिनिधियों और सैकड़ों की संख्या में किसानों ने नर्मदापुरम से भोपाल के लिए पैदल कूच किया। हाथों में तिरंगा और जय जवान, जय किसान तथा सरकार विरोधी नारे लगाते हुए संयुक्त किसान मोर्चा के तत्वाधान में किसानों की यह पदयात्रा सोमवार देर शाम सिहोर जिले के बुधनी पहुंची। किसानों की प्रमुख मांगों में शत प्रतिशत मूंग खरीदी, ई-टोकन व्यवस्था की समस्या का समाधान तथा समय पर और उचित मूल्य पर खाद की उपलब्धता शामिल है।

नर्मदापुरम के सेठानीघाट पर धरना प्रदर्शन और हनुमान चालीसा का पाठ कर किसानों ने पदयात्रा आरंभ की, जिसके बाद पुलिस ने भोपाल तिराहे एवं अन्य जगहों पर अवरोधक लगाकर किसानों को रोकने का प्रयास किया। जिलाधिकारी सोमेश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक साई एस थोटा ने किसानों से राष्ट्रीय राजमार्ग 69 पर चर्चा की लेकिन उनका यह प्रयास विफल रहा। किसानों के इस प्रदर्शन के कारण आवागमन के कई रास्ते परिवर्तित किए गए, जिससे यात्रियों को कुछ समस्याओं का भी सामना करना पड़ा।

किसान जहां पैदल आगे बढ़ रहे थे, वहीं साथ में चल रहे कई ट्रैक्टर-ट्राली में पानी, भोजन की व्यवस्था भी की गई है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़