दीया मिर्जा विवाद: NCP SP ने BMC मेयर रितु तावड़े की पटाखे पर अपील को घेरा

मुंबई में दिवाली के बाद आग लगने की घटनाओं पर महापौर रितु तावड़े की पटाखे संबंधी अपील पर राकांपा (एसपी) ने सवाल खड़े किए हैं। पार्टी प्रवक्ता क्लाइड क्रैस्टो ने आरोप लगाया कि बीएमसी के अभियान में अभिनेत्री दीया मिर्जा को निशाना बनाकर भाजपा नेताओं ने सुरक्षा के संदेश का सांप्रदायिकरण किया। उन्होंने शहर की प्रथम नागरिक के रूप में महापौर को अपनी जिम्मेदारियां निष्पक्षता से निभाने की नसीहत दी।
मुंबई, नौ नवंबर महाराष्ट्र में विपक्षी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने महानगर में दिवाली के दौरान आग लगने की कई घटनाओं के बाद मुंबई की महापौर रितु तावड़े द्वारा नागरिकों से सावधानीपूर्वक पटाखे फोड़ने की अपील पर सोमवार को सवाल उठाए और लोगों की सुरक्षा को लेकर उनकी मंशा पर निशाना साधा। राकांपा (एसपी) के प्रवक्ता क्लाइड क्रैस्टो ने यहां जारी एक बयान में पूछा कि क्या तावड़े ने उस समय सुरक्षा को प्राथमिकता नहीं माना था, जब उन्होंने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के पटाखा विरोधी जागरूकता अभियान में अभिनेत्री दीया मिर्जा के शामिल होने पर कहा था, हमें यह सीखने के लिए दीया मिर्जा की जरूरत नहीं है कि दिवाली कैसे मनाई जाए। क्रैस्टो ने पटाखों से सुरक्षा के इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर मुंबई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित साटम की चुप्पी पर भी सवाल खड़े किए।
राकांपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी भाजपा, साटम और तावड़े ने दीया मिर्जा को निशाना बनाकर सुरक्षा के एक आम संदेश को सांप्रदायिक रूप दे दिया। उन्होंने कहा कि बीएमसी ने दिवाली के दौरान पटाखे फोड़ने के संबंध में मुंबई उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील के लिए विभिन्न प्रमुख हस्तियों को अपने अभियान से जोड़ा था। उन्होंने कहा कि भाजपा पार्षद एवं महापौर तावड़े को शहर की प्रथम नागरिक के रूप में अपनी जिम्मेदारियों को ईमानदारी से निभाना चाहिए और सांप्रदायिक राजनीति में उलझने के बजाय मुंबईवासियों की सेवा करनी चाहिए।
यह विवाद पिछले हफ्ते तब शुरू हुआ था जब अमित साटम ने बीएमसी के अभियान में दीया मिर्जा की भागीदारी पर आपत्ति जताई थी, जिसके बाद नगर निकाय ने अपने सोशल मीडिया मंचों से उनका वीडियो हटा दिया था। महापौर तावड़े ने बीएमसी के इस फैसले का बचाव करते हुए बयान दिया था कि हिंदुओं को दीया मिर्जा से दिवाली मनाने का तरीका सीखने की जरूरत नहीं है। बाद में उच्च न्यायालय ने बीएमसी से अभिनेत्री का वीडियो फिर से अपलोड करने को कहा और टिप्पणी की कि पर्यावरण से जुड़े मुद्दे को कोई दूसरा रंग नहीं दिया जाना चाहिए।
अन्य न्यूज़













