महाराष्ट्र के ठाणे 26 साल पुरानी इमारत ढहने से सात लोगों की मौत, सरकार ने किया मुआवजे का ऐलान

Maharashtra

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उल्हासनगर कस्बे में इमारत का एक हिस्सा ढहने से सात लोगों की मौत हो गई। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। ठाणे जिले के संरक्षक मंत्री मंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि राज्य सरकार मारे गए लोगों के परिवार के सदस्यों को पांच लाख रुपए की अनुग्रह राशि देगी।

ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उल्हासनगर कस्बे में इमारत का एक हिस्सा ढहने से सात लोगों की मौत हो गई। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। ठाणे जिले के संरक्षक मंत्री मंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि राज्य सरकार मारे गए लोगों के परिवार के सदस्यों को पांच लाख रुपए की अनुग्रह राशि देगी। मरने वालों में एक किशोर और तीन महिलाएं शामिल हैं। नेहरू चौक में स्थित पांच मंजिला इमारत ‘साई शक्ति’ का एक हिस्सा शुक्रवार देर रात ढह गया। देर रात अधिकारियों ने जानकारी दी कि घटना में छह लोगों की मौत हो गई है और चार या पांच लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है।

इसे भी पढ़ें: कोरोना की दूसरी लहर से जंग लड़ते हुए 550 से ज्यादा डॉक्टरों की चली गयी जान : IMA 

ठाणे नगर निगम के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख संतोष कदम ने बताया,‘‘मलबे से एक और शव बरामद होने से घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। इस दुर्घटना में तीन महिलाएं, तीन पुरुष और एक किशोर की मौत हो गई।’’ उन्होंने बताया मारे गए लोग दो परिवार से थे। यह इमारत 26 वर्ष पुरानी है और इसमें 29 फ्लैट हैं। कदम ने बताया,‘‘ रात नौ बजे पांच फ्लैटों के लिविंग रूम वाला हिस्सा भरभरा कर गिर गया। सूचना मिलने पर क्षेत्रीय आपदा मोचन बल और ठाणे आपदा मोचल बल के कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने तलाश एवं बचाव अभियान शुरू किया।’’ अधिकारी ने बताया कि सातवां शव बरामद होने के बाद शुक्रवार रात 12.46 बजे तलाश अभियान बंद कर दिया गया। मृतकों की शिनाख्त पुनीत बाजोमल पंजवानी (17), दिनेश बाजोमल पंजवानी (40), दीपक बाजोमल पंजवानी (42), मोहिनी बाजोमल पंजवानी (65), कृष्ण इंदुचंद बजाज (24),अमृता इंदुचंद बजाज (54) और लवली बजाज (20) के तौर पर हुई है। शिंदे स्थिति का जायजा लेने के लिए घटनास्थल पर पहुंचे।

इसे भी पढ़ें: डॉक्टरों, स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने ओडिशा सरकार को व्यापक स्तर पर टीकाकरण का सुझाव दिया

उन्होंने कहा,‘‘ राज्य सरकारे मारे गए लोगों के परिजनों को पांच लाख रुपए अनुग्रह राशि के तौर पर देगी।’’ उन्होंने कहा कि हाल के दिनों ने इस क्षेत्र में यह दूसरी ऐसी घटना है। मंत्री ने कहा,‘‘ 1994-95 में स्थानीय निकाय ने कुछ अनधिकृत इमारतों के हिस्से, पिलर और रॉड गिरा कर इमारतों को गिरा दिया था। लेकिन ऐसा पाया गया है कि कुछ निर्माणकर्ताओं ने लोहे की छड़ों को ठीक करके और कुछ मरम्मत कार्य करके इमारत को नया रंग रूप दे दिया था और वे इमारते अब गिर रही हैं और मासूम लोगों की जान ले रही हैं।’’ उन्होंने उल्हासनगर नगर निगम के आयुक्त राजा दयानिधि को ऐसी इमारतों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और बिल्डरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़