महायुति सरकार हर मुंबईवासी के लिए आवास के बाल ठाकरे के सपने को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध: शिंदे

eknath Shinde
प्रतिरूप फोटो
ANI

बालासाहेब का सपना राजनीतिक नहीं, बल्कि भावनात्मक था। यह हर मुंबईवासी को सम्मान दिलाने के बारे में था। वह सपना अब हकीकत बन रहा है। शिंदे के अनुसार म्हाडा राज्य भर में पहले ही नौ लाख से ज़्यादा घर बना चुका है।

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शनिवार को कहा कि राज्य की महायुति सरकार बाल ठाकरे (दिवंगत) के हर मुंबईवासी विशेषकर गरीब और श्रमिक वर्ग के लिए आवास के सपने को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

यह सपना महाराष्ट्र आवास एवं क्षेत्र विकास प्राधिकरण (म्हाडा), महाराष्ट्र नगर एवं औद्योगिक विकास निगम लिमिटेड (सिडको), स्लम पुनर्वास प्राधिकरण (एसआरए) और प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) के साथ मिलकर बड़े पैमाने पर संचालित आवास पहलों के माध्यम से साकार हो रहा है।

वह ठाणे में म्हाडा के कोंकण प्रभाग आवास लॉटरी समारोह में बोल रहे थे, जहां पूरी तरह से कम्प्यूटरीकृत ड्रॉ के माध्यम से 5,354 मकान और 77 भूखंड आवंटित किए गए। शिंदे ने कहा कि पारदर्शी लॉटरी प्रणाली म्हाडा में जनता के नए विश्वास को दर्शाती है।

उन्होंने कहा, ‘‘ घर सिर्फ़ चार दीवारों का ढांचा नहीं होता बल्कि यह हर परिवार की सुरक्षा, स्वाभिमान और खुशी की नींव होता है। बालासाहेब ठाकरे का हमेशा से सपना था कि हर मुंबईवासी खासकर गरीब और मज़दूर वर्ग का अपना घर हो। आज वह सपना साकार हो रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ बालासाहेब का सपना राजनीतिक नहीं, बल्कि भावनात्मक था। यह हर मुंबईवासी को सम्मान दिलाने के बारे में था। वह सपना अब हकीकत बन रहा है। शिंदे के अनुसार म्हाडा राज्य भर में पहले ही नौ लाख से ज़्यादा घर बना चुका है। उन्होंने दावा किया कि लॉटरी प्रणाली में पूर्ण पारदर्शिता है तथा इसमें किसी भी प्रकार का राजनीतिक हस्तक्षेप या पक्षपात नहीं किया जाता है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़