ओडिशा: महिला की आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर डालने वाला Balasore का आरोपी Santosh Kar गिरफ्तार

जाजपुर पुलिस ने वीडियो कॉल के दौरान चुपके से तस्वीरें खींचने और उन्हें इंटरनेट पर पोस्ट करने के आरोपी संतोष कुमार कर को न्यायिक हिरासत में भेजा। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के पास से अपराध में इस्तेमाल मोबाइल फोन जब्त कर लिया है।
ओडिशा के जाजपुर जिले में एक विवाहित महिला की अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर अपलोड करने के आरोप में 41 वर्षीय एक व्यक्ति को बुधवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान बालासोर जिले के अलारबिंधा गांव निवासी संतोष कुमार कर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की कुछ महीने पहले सोशल मीडिया मंच पर महिला से दोस्ती हुई थी। शिकायत के मुताबिक, उसने महिला के सोशल मीडिया अकाउंट से उसका मोबाइल नंबर हासिल कर लिया और उससे नियमित रूप से बातचीत करने लगा। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने दोनों के बीच वीडियो कॉल के दौरान कथित तौर पर महिला की जानकारी के बिना उसकी कुछ तस्वीरें खींच लीं।
इसके बाद आरोपी ने महिला से यौन संबंध बनाने की मांग की। महिला के इनकार करने पर उसने कथित तौर पर बदले की भावना से उसकी अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया मंचों पर अपलोड कर दीं। पुलिस के मुताबिक, महिला को सोमवार को सोशल मीडिया पर अपनी अश्लील तस्वीरें अपलोड किए जाने की जानकारी मिली।
इसके बाद उसने उसी दिन जाजपुर रोड थाने में शिकायत दर्ज कराकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि आरोपी को उसके पैतृक गांव से गिरफ्तार कर जाजपुर रोड थाने लाया गया।
अपराध में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस अधिकारी के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को बुधवार को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां जमानत याचिका खारिज होने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अन्य न्यूज़













