मणिपुर के Kangpokpi में उपद्रवियों ने खाली मकान फूंके, गोलीबारी भी की

मणिपुर के Kangpokpi में उपद्रवियों ने खाली मकान फूंके, गोलीबारी भी की
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

मणिपुर के कांगपोकपी जिले में बुधवार को कुकी समुदाय के खाली पड़े लकड़ी के मकानों को आग के हवाले कर दिया गया। घटना से पहले हवा में कई चक्र गोलियां भी चलाई गईं, हालांकि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। काइलेनजांग गांव में नगा और कुकी संघर्ष के बाद से लोग अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर चले गए थे।

इंफाल, सात अक्टूबर मणिपुर के कांगपोकपी जिले में बुधवार को संदिग्ध उग्रवादियों ने कुकी समुदाय के लोगों के कई खाली पड़े मकानों में आग लगा दी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लकड़ी से बने इन मकानों में अपराह्न करीब दो बजे आग लगाए जाने से पहले हवा में कई गोलियां चलाई गईं।

उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त हुए घरों की सही संख्या अभी पता नहीं चल पाई है, हालांकि ग्रामीणों ने दावा किया कि कम से कम तीन मकान नष्ट हो गए। एक अधिकारी ने बताया कि घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं मिली है और आग लगाने वालों की तत्काल पहचान नहीं हो सकी। नगा बहुल सेनापति जिले के पास स्थित काइलेनजांग गांव में नगा और कुकी समुदायों के बीच संघर्ष बढ़ने के बाद वहां के निवासी अपने घर छोड़कर चले गए थे और तब से यह इलाका काफी हद तक खाली है।

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बल स्थिति पर नजर रख रहे हैं। इस साल फरवरी में नगा और कुकी समुदायों के बीच हिंसा शुरू होने के बाद से 40 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं और दर्जनों घर जला दिए गए हैं। हिंसा मुख्य रूप से उखरुल, कामजोंग, नोनी, तमेंगलोंग और कांगपोकपी जिलों में केंद्रित रही है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़