Rajasthan Panchayat Raj Polls में Congress उतारेगी शीर्ष नेतृत्व, तय हुई प्रचार रणनीति

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

जयपुर में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अभियान समिति की बैठक में आगामी पंचायत राज चुनावों के लिए प्रचार की रूपरेखा तय की गई। पार्टी के दिग्गज नेता जिला स्तर पर सभाएं करेंगे और उम्मीदवारों के चयन में पूरी पारदर्शिता बरती जाएगी।

जयपुर, सात अक्टूबर कांग्रेस पार्टी की राजस्थान इकाई ने आगामी पंचायत राज चुनाव में प्रचार के लिए अपने दिग्गज नेताओं को लगाने का फैसला किया है। साथ ही पार्टी की जिला इकाइयों से कहा गया है कि वे उम्मीदवार चुनने के लिए पारदर्शी प्रक्रिया अपनाएं। राजस्थान में आगामी पंचायत राज संस्थाओं के चुनावों में प्रचार-प्रसार की रणनीति बनाने के लिये अभियान (कैंपेन) समिति की बैठक यहां पार्टी के वार रूम में प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा तथा राजस्थान प्रभारी सुखजिन्दर सिंह रंधावा की अगुवाई में हुई।

बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस के महासचिव सचिन पायलट, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए। पार्टी प्रवक्ता के अनुसार, अभियान की बैठक में पंचायत राज संस्थाओं के चुनाव हेतु कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार की वृहद रणनीति के लिये सभी के सुझावों से तैयार की गई। पार्टी ने निर्णय किया है कि सभी शीर्ष नेता अपने प्रभार वाले जिलों के अतिरिक्त जिस क्षेत्र से चुनाव प्रचार हेतु जिला कांग्रेस कमेटी के आग्रह पर बुलाया जायेगा, वहॉं जाकर जनसभा करने सहित प्रचार-प्रसार में शामिल रहेंगे।

बैठक में डोटासरा ने कहा कि सभी जिलों में जिला कांग्रेस कमेटियों द्वारा जिले की राजनीतिक मामलों की समिति को सम्बद्ध जिले के विधायक, विधायक प्रत्याशी, पूर्व विधायक, सांसद, सांसद प्रत्याशी, पंचायत राज संस्थाओं से संबंधित पूर्व जनप्रतिनिधियों, अग्रिम संगठनों तथा विभागों/प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को शामिल करते हुये पारदर्शिता के साथ प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया अपनानी होगी। उन्होंने कहा कि सभी पंचायत समितियों एवं जिला परिषदें में कांग्रेस के प्रत्याशी विजयी हों इसके लिये एकजुटता के साथ सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को काम करना होगा। डोटासरा ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तमाम पदाधिकारी तथा अभियान समिति के सदस्य, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सभी जिलों में समय-समय पर आवश्यकतानुसार प्रचार के लिए जायेंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़