Manipur के सेनापति जिले में दो युवकों की हत्या की जांच NIA को सौंपी गई

मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने सेनापति जिले में कुकी समुदाय के दो युवकों की हत्या की जांच एनआईए को सौंपे जाने की जानकारी दी। पीड़ित परिवारों से मुलाकात के दौरान उन्होंने आश्वासन दिया कि इस अपराध में शामिल सभी दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
इंफाल, नौ नवंबर मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने सोमवार को कहा कि सेनापति जिले में कुकी समुदाय के दो युवकों की हत्या से जुड़ा मामला राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) को सौंप दिया गया है। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। सिंह ने दोनों युवकों के परिजनों के साथ बैठक के दौरान यह घोषणा की।
दोनों युवक पड़ोसी कांगपोकपी जिले से लापता हुए थे और उनके शव सेनापति जिले से बरामद हुए थे। मुख्यमंत्री ने मुलाकात के दौरान शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और उन्हें इस कठिन समय में सरकार की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। सिंह ने परिजनों को बताया कि मामला एनआईए को सौंप दिया गया है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि दोनों नागरिकों की हत्या में शामिल सभी लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा, हालांकि इसमें कुछ समय लग सकता है। मुख्यमंत्री ने जनता से जांच में पूरा सहयोग करने की अपील भी की। मृतक युवकों के परिजनों ने मुख्यमंत्री से नागरिक समाज संगठनों (सीएसओ) के साथ बातचीत शुरू करने और दोनों युवकों का अंतिम संस्कार जल्द सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया।
ताफौ कुकी गांव के प्रमुख एल. चोंगलाई ने भी सिंह को घटना के बाद गांव के निवासियों की मुश्किलों के बारे में जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने ताफौ कुकी गांव में तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों से भी बातचीत की और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के उनके प्रयासों की सराहना की। ताफौ कुकी गांव के निवासी पाओगिनलाल हैंगशिंग और तिंगिनलुन चोंगलाई 28 अक्टूबर को लापता हो गए थे।
सुरक्षा बलों ने एक नवंबर को संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान उनके शव बरामद किए थे।
अन्य न्यूज़













