उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर Pushkar Singh Dhami ने की 13 बड़ी घोषणाएं

उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर Pushkar Singh Dhami ने की 13 बड़ी घोषणाएं
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गैरसैंण में राज्य स्थापना दिवस की 26वीं वर्षगांठ पर जनहित से जुड़ी कई अहम घोषणाएं कीं। इनमें राज्य आंदोलनकारियों के लिए मंत्रिमंडलीय समिति के गठन के साथ ही बिजली बिलों पर सरचार्ज माफी का फैसला शामिल है। इसके अलावा वन्यजीवों के हमले में घायलों को प्लास्टिक सर्जरी के लिए अतिरिक्त आर्थिक मदद भी दी जाएगी।

(फाइल फोटो के साथ) गैरसैंण(उत्तराखंड), नौ नवंबर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को राज्य स्थापना दिवस की 26 वीं वर्षगांठ के मौके पर 13 घोषणाएं कीं जिनमें राज्य आंदोलनकारियों की मांगों एवं उनकी समस्याओं के समाधान के लिए मंत्रिमंडलीय समिति गठित करने, वन्यजीवों के हमलों में घायलों को प्लास्टिक सर्जरी जैसे महंगे उपचार के लिए अतिरिक्त आर्थिक सहायता देना तथा छोटे किसानों एवं बिजली उपभोक्ताओं के लंबित बिजली बिलों पर लगने वाला सरचार्ज माफ करना शामिल है। यहां ग्रीष्मकालीन राजधानी में विधानसभा भवन परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राज्य ये घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य आंदोलनकारियों की मांगों एवं समस्याओं के समाधान के लिए एक मंत्रिमंडलीय समिति गठित की जाएगी जो चिह्नीकरण नियमों में छूट, दोहरी पेंशन तथा आश्रितों को प्रमाणपत्र देने संबंधी विषयों पर संस्तुति देगी।

उन्होंने कहा कि वन्यजीवों के हमले में घायलों को वर्तमान सहायता के अतिरिक्त प्लास्टिक सर्जरी जैसे महंगे उपचार के लिए अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी दी जाएगी तथा लखपति दीदियों को व्यवसाय विस्तार एवं नए स्वरोजगार कार्यों के लिए दो किस्तों में प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं,आशाकर्मियों तथा भोजनमाताओं (खाना पकाने वाली महिलाओं) के मानदेय में आगामी एक दिसंबर से वृद्धि करने की घोषणा की। धामी ने प्रत्येक जिले में जिला मुख्यालय से अलग नगरपालिका क्षेत्रों में दो-दो आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी एवं वाचनालय स्थापित करने, अन्य माध्यमों से विद्युत आपूर्ति वाले सभी राजस्व गांवों को पावर ग्रिड से जोड़ने, राज्य में निवेश के इच्छुक प्रवासियों के लिए भूमि खरीद प्रक्रिया सरल बनाने तथा बुजुर्गों, दिव्यांगजनों एवं दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को घर बैठे सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए अपुणि सरकार पोर्टल की व्यवस्था अधिक सरल एवं प्रभावी बनाने की भी घोषणा की।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि छोटे किसानों एवं बिजली उपभोक्ताओं के बिजली बिलों के विलंबित भुगतान पर लगने वाला सरचार्ज माफ किया जाएगा तथा अतिथि शिक्षकों के मानदेय में जल्द वृद्धि की जाएगी। मुख्यमंत्री ने लोकसंस्कृति एवं लोकभाषाओं के संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिवंगत गोपाल बाबू गोस्वामी एवं दिवंगत चन्द्र सिंह राही को उत्तराखंड गौरव सम्मान प्रदान करने की भी घोषणा की।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़