मणिपुर के बिष्णुपुर में पेट्रोल पंप पर हुए बम विस्फोट मामले में प्रतिबंधित संगठन का उग्रवादी गिरफ्तार

मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में पुलिस ने एक पेट्रोल पंप पर हुए बम विस्फोट के मामले में प्रतिबंधित संगठन केवाईकेएल के एक उग्रवादी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक पिस्तौल और कारतूस बरामद किए गए हैं। एक अन्य अभियान में पुलिस ने प्रतिबंधित यूकेएनए के संदिग्ध वित्त प्रमुख को भी गिरफ्तार किया है।
इंफाल, 24 जुलाई मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में मोइरांग स्थित एक पेट्रोल पंप पर हुए बम विस्फोट के सिलसिले में एक उग्रवादी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि प्रतिबंधित कांगलेई यावोल कन्ना लुप (केवाईकेएल) के एक सक्रिय सदस्य को बृहस्पतिवार को बिष्णुपुर जिले की तेरा उरक जांच चौकी से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार उग्रवादी की पहचान 39 वर्षीय मयांगलंबम तोंबा सिंह के रूप में हुई है। वह चुराचांदपुर जिले के बिजांग खुनौ का निवासी है और फिलहाल फुबाला राहत शिविर में रह रहा था। पुलिस ने बताया कि उसके पास से मैगजीन सहित नौ मिलीमीटर की एक पिस्तौल और अलग-अलग बोर के 11 कारतूस बरामद किए गए।
सिंह इस वर्ष की शुरुआत में मोइरांग के एक पेट्रोल पंप पर हुए विस्फोट में कथित तौर पर शामिल था। पुलिस ने बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ था। सुरक्षा बलों ने एक अलग अभियान में प्रतिबंधित यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी (यूकेएनए) के संदिग्ध ‘‘वित्त प्रमुख’’ को चुराचांदपुर जिले के मोलनोम से गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार उग्रवादी की पहचान एस. पलाल कुकी के रूप में हुई है। वह गोलीबारी और वसूली के कई मामलों में कथित तौर पर शामिल था।
अन्य न्यूज़















