Manipur में सुरक्षा बलों की संयुक्त कार्रवाई, 40 एकड़ में फैली अवैध अफीम की खेती नष्ट

Manipur में सुरक्षा बलों की संयुक्त कार्रवाई, 40 एकड़ में फैली अवैध अफीम की खेती नष्ट
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

मणिपुर के उखरुल और कांगपोकपी जिलों में सुरक्षा बलों और प्रशासन की संयुक्त टीमों ने कार्रवाई करते हुए करीब 40 एकड़ में फैली अवैध अफीम की फसल को नष्ट कर दिया। इस दौरान खेती के लिए इस्तेमाल की जा रही पांच झोपड़ियों, उपकरणों और खरपतवारनाशक को भी जलाकर नष्ट किया गया। इसके अलावा इंफाल पूर्व में एक तस्कर से 27.76 किग्रा नशीली गोलियां और बिष्णुपुर से एक अन्य व्यक्ति से बंदूक व कारतूस जब्त किए गए।

मणिपुर के उखरुल और कांगपोकपी जिलों में करीब 40 एकड़ भूमि पर अवैध रूप से की जा रही अफीम की खेती को नष्ट कर दिया गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, उखरुल जिले में सेना की महार रेजिमेंट, आठवीं बिहार रेजिमेंट, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) और राज्य पुलिस के जवानों की संयुक्त टीम ने लिटन थाना क्षेत्र में करीब 20 एकड़ में फैली अफीम की फसल नष्ट कर दी।

इस दौरान कथित तौर पर खेती करने वालों द्वारा इस्तेमाल की जा रही तीन झोपड़ियों को भी आग लगा दी गई। एक अन्य अभियान में कांगपोकपी जिला पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), वन विभाग, एनसीबी और सैतु-गामफाजोल के उपमंडल अधिकारियों की संयुक्त टीम ने कौब्रू आरक्षित वन क्षेत्र में के ल्हांगनोम गांव की पहाड़ी शृंखलाओं में करीब 20 एकड़ भूमि पर की जा रही अफीम की अवैध खेती को नष्ट कर दिया। पुलिस ने बताया कि अवैध खेती में कथित तौर पर इस्तेमाल की जा रही दो झोपड़ियों को जला दिया गया।

इसके अलावा, खरपतवारनाशक और खेती के उपकरण भी नष्ट कर दिए गए। इस संबंध में गामनोम-सापोरमेइना थाने में मामला दर्ज किया गया है। इस बीच, पुलिस ने इंफाल पूर्वी जिले में पोरमपाट डीसी रोड से एक कथित मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया और उसके पास से 27.76 किलोग्राम डब्ल्यूवाई टैबलेट बरामद कीं।

आरोपी की पहचान 33 वर्षीय मोहम्मद इमरान खान के रूप में हुई है। इसके बाद की गई कार्रवाई में एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान बिष्णुपुर जिले के क्वाक्ता सेवला निवासी 33 वर्षीय मोहम्मद अब्दुल रहमान के रूप में हुई है।

उसके पास से 12 बोर की एक नली वाली बंदूक और 40 कारतूस बरामद किए गए।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़